Ghaziabad Encounter: गाजियाबाद में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के रोकथाम के लिए थाना वेव सिटी पुलिस टीम जगदम्बा माता उमा मंदिर आदित्य वर्ल्ड सिटी के पास रूटीन चेकिंग कर रही थी, जिसमें संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के वक्त स्पलेन्डर मोटर साइकिल सवार व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस को देख व्यक्ति वहां से भागने लगा। पुलिस से बचने के लिए बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की फायरिंग से बदमाश घायल हो गया और उसे गिरफ्तार किया गया।
मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी द्वारा दी जानकारी के अनुसार, जगदम्बा माता उमा मंदिर आदित्य वर्ल्ड सिटी के पास आने जाने वाले संदिग्ध व्यक्ति/वाहन की चेकिंग कर रहे थे कि तभी अर्बन होम सोसायटी की तरफ से काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति एकदम अपनी मोटरसाइकिल से यू टर्न लेकर वापस ग्राम शाहपुर बम्हैटा की तरफ तेज रफ्तार से भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया।
पकड़े जाने के डर से वह पुलिया से टकराकर गिर गया और तमंचे से पुलिस पर जानलेवा हमला किया। पुलिस की टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन बदमाश पर कोई असर नहीं हुआ। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की और बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार किया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
चोरी और लूट की वारदात को देता था अंजाम
मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश की पहचान 25 वर्षीय प्रवीण के रूप में हुई है। वह थाना वेव सिटी गाजियाबाद का रहने वाला है। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला गया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी पर गाजियाबाद में चोरी और लूट के 5 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और और मोटर साइकिल व लूट से सम्बन्धित 1600 रुपये बरामद किए हैं।
