Rapid Rail: साहिबाबाद से दुहाई स्टेशन के बीच रैपिड रेल सेवा शुरू होने का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है। डेवलपमेंट का कार्य भी तेजी पकड़ रहा है। रैपिड रेल के पहले खंड के तहत 17 किमी लंबे कॉरिडोर पर पांच स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इन स्टेशनों से जुड़ा निर्माण कार्य करीब 90 फीसदी तक पूरा कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, रैपिड रेल के पहले खंड में शामिल साहिबाबाद, मेरठ रोड तिराहा स्टेशन, गुलधर और दुहाई के दोनों स्टेशनों पर निर्माण कार्य आखिरी स्तर पर चल रहा है। बचा हुआ कार्य भी फरवरी माह तक पूरा कर लिया जाएगा। इस रेल कॉरिडोर पर यात्री मार्च माह से रैपिड रेल में यात्रा का मजा ले सकेंगे।
एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि, पहले खंड से जुड़े सभी निर्माण काय्र अपने तय समय पर चल रहे हैं। कॉरिडोर के सबसे ऊंचे मेरठ रोड तिराहा स्टेशन के प्रवेश-निकास द्वार का कार्य किया जा रहा है। वहीं दुहाई स्टेशन के प्लेटफार्म पर शेड डाली जानी है। इन सभी कार्य को निर्धारित समयसीमा के अंदर ही पूरा कर दिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, साहिबाबाद स्टेशन पर निर्माण संबंधी सभी कार्य पूरा हो चुका है। अब यहां पर स्वचालित सीढ़ियां, लिफ्ट और प्लेटफार्म स्क्रीन डोर का कार्य किया जा रहा है।
