Ghaziabad News: आधार कार्ड मेंं बच्चों का बायोमेट्रिक समय-समय पर अपडेट करवाना आवश्यक होता है। आधार कार्ड में कुछ भी अपडेट कराने या चेंज कराने को लेकर आधार सेवा केंद्रों पर अपॉइंटमेंट लेना जरूरी है। लेकिन गाजियाबाद में बच्चों के आधार में बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए अपॉइंटमेंट की झंझट खत्म हो गई है। यहां अब अभिभावकों को अपॉइंटमेंट लेने की आवश्यकता नहीं है। अभिभावक सीधा आधार केंद्र पर जाकर अपने बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट करवा सकते हैं।
UIDAI ने जागरूकता के लिए चलाया अभियान
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी UIDAI के लखनऊ कार्यालय ने समय-समय पर बच्चों के बायोमेट्रिक को अपडेट को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने को लिए एक अभियान चलया। इसमें जिले के आधार सेवा केंद्रों पर बिना अपॉइंटमेंट बच्चों के आधार में बायोमेट्रिक अपडेट कराने की सहूलियत दी गई है। अपॉइंटमेंट की झंझट के बिना अब आसानी से लोग अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट करवा सकते हैं। लखनऊ के साथ गाजियाबाद में भी इस अभियान की शुरुआत की गई है।
सोमवार से शुक्रवार होगा बच्चों का आधार अपडेट
जानकारी के अनुसार, इस जागरूकता अभियान के तहत आधार सेवा केंद्र में 5 से 15 साल के बच्चों के आधार में बायोमेट्रिक अपडेट करवा सकते हैं। अभिभावक सोमवार से शुक्रवार शाम 4:30 बजे से शाम 5:30 बजे और शनिवार-रविवार को पूरा दिन बिना अपॉइंटमेंट के आधार अपडेट करवा सकते हैं। इसमें बच्चों के फिंगरप्रिंट, आंखों की स्कैनिंग और लेटेस्ट फोटो को फिर रिकॉर्ड किया जाएगा। बता दें कि गाजियाबाद में आधार सेवा केंद्रों के अलावा बैंक और डाकघर में भी बायोमेट्रिक अपडेट का काम होता है।
