Ghaziabad News: गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र में गंगनहर के किनारे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक लावारिस सूटकेस में 6 वर्षीय मासूम बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस बच्चे की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जुट गई है।
सूटकेस में मासूम का शव मिला
एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया, "निवाड़ी थाना क्षेत्र में गंगनहर के पास एक सूटकेस में बच्चे का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बच्चे के शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। एक विशेष टीम गठित कर दी गई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।"
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्चे को किसने और क्यों सूटकेस में डालकर गंगनहर के किनारे फेंका। क्या यह कोई हत्या का मामला है या फिर कोई और कारण है? इन सभी सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस पूरे इलाके में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
