Delhi News: दिल्ली के मजलिस पार्क इलाके में रविवार सुबह एक मकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के दौरान घर के अंदर रखे एक गैस सिलेंडर में अचानक धमाका हो गया। जिससे मौके पर मौजूद पुलिस और दमकलकर्मी समेत 13 लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
उत्तर-पश्चिम जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि मजलिस पार्क के सी-ब्लॉक स्थित एक मकान में आज सुबह करीब 9 बजे आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। लेकिन आग की लपटें इतनी तेजी से फैल रही थीं, कि आसपास के मकानों को भी इससे खतरा पैदा हो गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। बचाव और राहत कार्य शुरू किया गया।
जब दमकलकर्मी घर में आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे। तभी मकान के अंदर रखे एक गैस सिलेंडर में अचानक तेज धमाका हो गया। यह ब्लास्ट इतना जोरदार था कि आसपास खड़े पुलिसकर्मी और दमकलकर्मी उसकी चपेट में आ गए। धमाके की वजह से मलबा उड़ने लगा और आग की लपटें और भीषण हो गईं, जिससे कुल 13 लोग घायल हो गए। जिनमें तीन पुलिसकर्मी और तीन दमकलकर्मी भी शामिल हैं।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
हादसे के बाद सभी घायलों तुरंत एंबुलेंस के जरिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों उनका इलाज कर रहे हैं। वहीं घटनास्थल पर दमकल विभाग की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक लिया और उसपर काबू पा लिया। हालांकि, सिलेंडर फटने के कारण बचाव अभियान और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया था। फिलहाल आग के कारणों का पता नहीं चल सका है, जिसके लिए जांच की जा रही है।
