शहर

सावधान! व्यापारी को बुलाकर कर दिया कांड, हथियारों के दम पर UPI से उड़ाए रुपये; झुंझुनूं में सनसनीखेज वारदात

राजस्थान के झुंझुनूं में एक गुजरात के व्यापारी के साथ सोना गिरवी रखने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामना आया है। आरोप है कि आरोपियों ने व्यापारी से अपने खाते में 6.78 लाख रुपये RTGS के जरिए ट्रांसफर करवा लिए।

Image

झुंझनूं में गुजरात के व्यापारी से लूट

झुंझुनूं : जिले के चिड़ावा कस्बे में सोने का सस्ता सौदा दिलाने के नाम पर गुजरात के एक व्यापारी से लाखों रुपये की ठगी और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले व्यापारी को विश्वास में लिया और फिर उसे बंधक बनाकर रकम ट्रांसफर करवा ली। पीड़ित मेहुल भाई, निवासी सूरत (गुजरात), ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ‘रजनीश’ नामक व्यक्ति ने उससे संपर्क कर 60 ग्राम सोना बैंक में गिरवी होने की बात कही। आरोपी ने लोन चुकाकर सोना छुड़ाने और सस्ते में बेचने का झांसा दिया। सौदे के लालच में व्यापारी चिड़ावा पहुंच गया। आरोपी ने रात अधिक होने का बहाना बनाकर व्यापारी को एक होटल में ठहराया। अगले दिन सुबह वह उसे बैंक लेकर गया, जहां तीसरे पक्ष से भुगतान न लेने की बात कहकर चालाकी से व्यापारी से अपने खाते में 6.78 लाख रुपये RTGS के जरिए ट्रांसफर करवा लिए।

सामान छीनकर की मारपीट

आरोप है कि पैसे ट्रांसफर होते ही आरोपी व्यापारी को बाइक पर बैठाकर किशोरपुरा गांव के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां पहले से 5-6 बदमाश हथियारों के साथ मौजूद थे। बदमाशों ने व्यापारी को बंधक बना लिया, मोबाइल छीन लिया और मारपीट की धमकी देकर उसका UPI पिन हासिल कर लिया। इसके बाद उसके खाते से करीब 35-40 हजार रुपये और ट्रांसफर कर लिए गए। साथ ही नकदी व मोबाइल भी छीन लिया गया।

बदमाशों ने व्यापारी को धमकाते हुए कहा कि “यहां का सिस्टम हमारे हाथ में है, चुपचाप गुजरात लौट जाओ। हालांकि व्यापारी ने हिम्मत दिखाते हुए चिड़ावा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और बैंक के पास संदिग्ध गतिविधि के दौरान पीछा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी रजनीश सुलताना थाने का हिस्ट्रीशीटर है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे गिरोह के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article