उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों द्वारा एक रेलवे अधिकारी की कथित पिटाई का सनसनीखेज का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, उत्तर मध्य रेलवे (NCR) ने बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे प्रशासन ने दो सहायक उप-निरीक्षकों (ASI) समेत चार RPF कर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
आगरा कैंट स्टेशन पर मारपीट का मामला, 4 RPF जवान निलंबित
प्लेटफॉर्म पर घसीटकर की पिटाई का वीडियो वायरल
यह पूरी घटना 12 जुलाई 2026 की सुबह उस समय हुई, जब आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 20808 हीराकुंड एक्सप्रेस आकर रुकी थी। इस दौरान रेल कर्मचारियों और RPF के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में RPF के जवान डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट को प्लेटफॉर्म पर बेरहमी से घसीटते हुए नजर हैं।
जांच के लिए बनी हाई-लेवल कमेटी
घटना का वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और मामले की जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया तथ्यों के आधार पर दो सहायक उप-निरीक्षक (ASI) समेत चार RPF कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि मामले में जांच के लिए पहले जूनियर स्केल जांच समिति बनाई गई थी। लेकिन रेलवे कर्मचारियों की मांग पर इसे अपग्रेड कर जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड (JAG) स्तर की जांच समिति बना दिया गया है।
तीन वरिष्ठ अधिकारी करेंगे जांच
नई जांच समिति में आगरा के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr. DOM), वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (Sr. DEE) और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (RPF) शामिल हैं। समिति को जल्द से जल्द जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद रेलवे नियमों के अनुसार दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
