शहर

Delhi News: यमुना में नहाने गए चार बच्चे तेज बहाव में डूबे, दो के शव मिले; आज फिर चलेगा सर्च ऑपरेशन

दिल्ली के अलीपुर इलाके में यमुना नदी में नहाने उतरे चार बच्चे तेज बहाव की चपेट में आने से लापता हो गए। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में दो बच्चों के शव बरामद कर लिए। सोमवार सुबह दोबारा तलाश अभियान शुरू किया जाएगा।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Delhi News: दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। हिरनकी गांव के पास यमुना नदी में नहाने उतरे चार बच्चे तेज बहाव में बह गए और लापता हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में दो बच्चों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश सोमवार सुबह फिर से शुरू की जाएगी।

नहाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, चारों बच्चे हिरनकी गांव के पास यमुना पुश्ता स्थित ठोकर नंबर-24 पर नहाने उतरे थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण चारों पानी में बहने लगे। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।

दमकल, NDRF और गोताखोरों ने चलाया अभियान

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस (DFS), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और स्थानीय गोताखोरों की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। सभी एजेंसियों ने संयुक्त रूप से कई घंटों तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। लंबे रेस्क्यू अभियान के दौरान बचाव दल ने दो बच्चों के शव बरामद कर लिए। हालांकि रात में अंधेरा और कम विजिबिलिटी होने के कारण करीब 10:30 बजे सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।

सोमवार सुबह फिर शुरू होगी तलाश

प्रशासन ने बताया कि सोमवार सुबह नदी में शेष दो बच्चों की तलाश फिर से शुरू की जाएगी। इसके लिए विशेषज्ञ गोताखोरों और बोट क्लब की टीमों की मदद से व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान यमुना और अन्य नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ता है। ऐसे में नदी में नहाने या किनारों के पास जाने से बचें और बच्चों को भी पानी के पास बिना निगरानी के न जाने दें।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!