राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना स्थित अपना सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। 10, सर्कुलर रोड स्थित यह हाई-प्रोफाइल बंगला अब बिहार सरकार के पशु, मत्स्य और डेयरी संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया गया है। मंत्री नंदकिशोर राम को जल्द ही इस नए आवास में शिफ्ट होना है, जिसके चलते विभाग अब इस बंगले को खाली कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
राबड़ी देवी को पटना स्थित अपना सरकारी आवास खाली करने का नोटिस जारी किया गया।
बिहार की भवन निर्माण मंत्री ने क्या कहा?
राबड़ी देवी के आवास खाली करने के नोटिस पर बिहार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने प्रतिक्रिया दी। मंत्री लेशी सिंह ने नियमों का हवाला देते हुए बताया कि नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को साल 2025 के आखिर में ही 39, हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास संख्या आवंटित कर दिया गया था।
सरकार ने नियम का पालन हो: प्रेम कुमार
वहीं, आरजेडी नेता राबड़ी देवी को बिहार सरकार द्वारा भेजे गए नोटिस पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा, "सरकार ने नियम बनाए हैं, और सभी को उनका पालन करना चाहिए, खासकर जन प्रतिनिधियों को।"
राबड़ी देवी को कहां मिला है नया आवास?
राबड़ी देवी वर्तमान में बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं। इस नाते उनके लिए नियमतः '39, हार्डिंग रोड' वाला बंगला काफी पहले (साल 2025 के अंत में) ही आवंटित कर दिया गया था और उसे पूरी तरह सुसज्जित भी कर दिया गया है। हाल ही में बिहार कैबिनेट विस्तार के बाद, नवनियुक्त पशु, मत्स्य और डेयरी संसाधन मंत्री नंद किशोर राम ने एक सुसज्जित बंगले की इच्छा जताई थी।
चूंकि 10, सर्कुलर रोड एक कैबिनेट मंत्री स्तर का बंगला है, इसलिए विभाग ने आधिकारिक तौर पर इसे उनके नाम अलॉट कर दिया। बता दें कि बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग के नियमों के अनुसार, कोई भी सरकारी बंगला किसी नेता को उसके वर्तमान संवैधानिक पद के आधार पर आवंटित किया जाता है।
