Gurugram Gas Cylinder Explosion: जहां एक और पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण लोगों को एलपीजी गैस की चिंता सता रही है और दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में गैस एजेंसियों पर लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं तो वहीं, हरियाणा में गुरुग्राम जिले के खेड़की माजरा गांव में कथित तौर पर खाना बनाते समय पांच किलोग्राम का एक छोटा गैस सिलेंडर फटने से पांच मजदूर झुलस गए।
किराए के कमरे में हुआ हादसा
पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि घटना शुक्रवार को हुई और हादसे की चपेट में आए लोगों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भेज दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, बिहार के छह मजदूर खेड़की माजरा गांव में बिट्टू नामक स्थानीय व्यक्ति के घर में किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे।
गैस रिसाव होने के कारण पहले लगी आग
उन्होंने आगे बताया कि, रात करीब नौ बजे, उनमें से एक मजदूर साथी आटा खरीदने के लिए बाहर गया, जबकि बाकी अन्य एक छोटे गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करके अपना खाना पका रहे थे। बताया जा रहा है कि, इसी दौरान कथित तौर पर गैस रिसाव होने के कारण सिलेंडर में आग लग गई और वह फट गया। इसके चलते पांच मजदूर झुलस गए। धनकोट पुलिस चौकी से पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है।
तेज रफ्तार कार बनी काल
वहीं, पटौदी के खोड गांव में एक तेज रफ्तार कार ने दो लड़कों समेत उनके नाना को अपना शिकार बना लिया। पुलिस ने बताया कि आठ और दस साल के जायद खान और ईशांत की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके नाना, 53 वर्षीय सुभाष ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक राजस्थान के भिवाड़ी जिले के मिल्कपुर गांव के निवासी बताए रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, सुभाष अपने दो नातियों के साथ खोड गांव के नजदीक लोकरा रोड पर अपने भाइयों से मिलने गए थे। शुक्रवार रात करीब 11 बजे जब वह दोनों बच्चों के साथ वापस लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे दूर जा गिरे।
घटना के बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि नंबर प्लेट के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय गाड़ी तेज रफ्तार में थी।
(इनपुट - भाषा)
