फतेहपुर : जिले के औंग थाना क्षेत्र स्थित बीकमपुर गांव में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। आरोप है कि अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष से लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच एक व्यक्ति ने ससुराल पहुंचकर घर के बाहर सो रहे पांच लोगों पर धारदार हथियार (तलवार) से हमला कर दिया। हमले में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल आरोपी की इलाज के दौरान मौत हो गई। फिलहाल, सभी घायलों में से चार लोगों को कानपुर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया।
पत्नी मायके में रह रही थी
बताया जा रहा है कि आशापुर गांव निवासी करीब 50 वर्षीय पवन विश्वकर्मा का अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार, पवन की शादी करीब 26 साल पहले हुई थी। पारिवारिक विवाद के बाद उसकी पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई थी और इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें -न गठबंधन और न ही आकाश आनंद को बड़ी भूमिका, यूपी चुनाव के लिए मायावती ने क्यों बनाई 'एकला चलो' की नीति?
पुलिस के मुताबिक, पवन बुधवार शाम करीब चार बजे बीकमपुर स्थित अपनी ससुराल पहुंचा था। आरोप है कि देर रात करीब दो बजे उसने घर के बाहर सो रहे लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में राजेश, प्रदीप, राजकरण, गोरे और एक अन्य महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। अचानक हुए हमले के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायलों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी पवन को पकड़ लिया। इस दौरान उसके साथ मारपीट हुई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे भी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना से जुड़ा एक और पहलू यह भी सामने आया है कि पवन अपने ससुराल पक्ष के एक सदस्य राजू को अपने साथ ले गया था, जिसके बाद से उसका पता नहीं चल रहा है। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर पारिवारिक विवाद किन कारणों से इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष तक पहुंच गया। वहीं, पवन पर हुए हमले और उसकी मौत के मामले की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना के बाद बीकमपुर गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संदीप केसरवानी की रिपोर्ट-
