शहर

ग्वालियर में दो पक्षों में फायरिंग, बीएसएफ जवान की गोली से युवक घायल, सोशल मीडिया पर फायरिंग का लाइव वीडियो वायरल

ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में दो पड़ोसियों के विवाद के दौरान फायरिंग हो गई, जिसमें सूरज सैनी नामक युवक के कंधे में गोली लगने से वह घायल हो गया। मामले में बीएसएफ जवान समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी जवान को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है।

Image

दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान फायरिंग

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक कट्टे से फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि एक बीएसएफ जवान बंदूक लहराते हुए नजर आ रहा है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी जवान को राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना शुक्रवार शाम थाटीपुर थाना क्षेत्र के बजरिया इलाके की है। बताया जा रहा है कि दो पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि मामला फायरिंग तक पहुंच गया। इस दौरान सूरज सैनी नामक युवक को कंधे में गोली लग गई।

घायल युवक की बहन दीपा ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी सोबरन आर्य, जो बीएसएफ में जवान है, अपने भाई और बेटे के साथ घर के बाहर आकर गाली-गलौज कर रहा था। जब उनके परिवार ने इसका विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद सोबरन आर्य बंदूक लेकर आया और फायरिंग कर दी, जिससे सूरज सैनी के कंधे में गोली लग गई।

घटना के बाद परिजनों ने तुरंत सूरज को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं परिजनों ने पुलिस को भी घटना की सूचना दी। पुलिस ने घायल सूरज सैनी की शिकायत के आधार पर सोबरन आर्य, अभिषेक आर्य, सोहेल खान, शिवम खटीक, सक्षम खटीक और राहुल खटीक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक कट्टे से फायर करता दिखाई दे रहा है और बीएसएफ जवान बंदूक लहराते हुए नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

एडिशनल एसपी जयराज कुबेर के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान बीएसएफ जवान सोबरन आर्य द्वारा फायर किए जाने से सूरज सैनी के कंधे में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी जवान को राउंडअप कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article