राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी है। जानकारी के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की 20 टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
मंगोलपुरी में लगी भीषण आग।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 9:30 बजे मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित बी-293/294 में हुआ। आग एक जूता फैक्ट्री में लगी थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दमकलकर्मियों और बचाव दल ने काफी देर तक आग पर काबू पाने की कोशिश की। साथ ही फैक्ट्री के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
छह लोगों को बेहोशी की हालत में निकाला, चार की मौत
पुलिस के अनुसार, अब तक फैक्ट्री के अंदर से छह लोगों को रेस्क्यू किया गया है। सभी बेहोशी की हालत में मिले थे। उन्हें तत्काल संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी दो लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, फैक्ट्री के भीतर अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए तलाशी और बचाव अभियान जारी है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। फैक्ट्री में आग किस वजह से लगी और वहां अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई की जा रही है।
