शहर

Sambhal के हयातनगर थाने में लगी भीषण आग, गाड़ियां जलकर राख; ऊंची लपटों-धुएं के गुबार में इलाका

यूपी के संभल स्थित हयातनगर थाना परिसर में आग लग गई। जहां, खड़ी कई गाड़ियों में अचानक आग लग गई। परिसर में खड़े लगभग 10 से 12 वाहन जलकर खाक हो गए हैं।

Image

हयातनगर थाने में लगी आग

संभल: संभल में शनिवार को थाने में भीषण आग लग गई। आग से थाना परिसर में खड़े कई वाहन जलकर खाक हो गए हैं। पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। सूत्रों के अनुसार, हाई टेंशन लाइट का तार गिरने से संभल के हयातनगर थाना परिसर में आग लगी है। आग लगने के बाद पुलिसकर्मी थाने से बाहर निकल गए। जानकारी के अनुसार, थाना भवन के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की लाइन जा रही है। शनिवार देर शाम लाइन में फाल्ट होने की वजह से तार टूटकर गिर गया। तार थाना परिसर में गिरा और देखते ही देखते वाहनों में आग लग गई। जब तक घटना की जानकारी थाने में बैठे पुलिसकर्मियों को मिली, आग ने विकराल रूप ले लिया। आग से थाने में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

10 से 12 वाहन जलकर राख

थानाध्यक्ष ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोग भी थाने पर जमा हो गए। तुरंत आग की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। परिसर में खड़े लगभग 10 से 12 वाहन जलकर खाक हो गए हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार, वाहन थाने के मालखाने में जमा थे। वाहनों में एक कार, ट्रक, मिनी ट्रक, टेंपो और ई-रिक्शा शामिल हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article