तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आज यानी शुक्रवार 20 फरवरी को 6 मंजिला एक बिल्डिंग में आग लग गई। जिस बिल्डिंग में आग लगी, उसमें कई आईटी कोचिंग सेंटर और दुकानें हैं। आग लगने से वहां अफरातफरी मच गई। तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई और कोचिंग में पढ़ने वाले छात्रों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
हैदराबाद के कोचिंग सेंटर में लगी आग, राहत-बचाव कार्य जारी
आग लगने की यह घटना शहर के अमीरपेट मेट्रो स्टेशन के करीब हुई। बिल्डिंग से करीब 100 लोगों और छात्रों को सुरक्षित निकाला गया। पुलिस ने बताया कि लैडर और सीढ़ियों का इस्तेमाल करके राहत और बचाव कार्य चलाया गया। शुरुआती आकलन के अनुसार किसी शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी है।
आग लगने की यह घटना आज सुबह 10.30 बजे हुई, जब बिल्डिंग में लिफ्ट के पास वाली डक्ट में शॉर्ट सर्किट हुआ। यहां इंसुलेशन के लिए लगाए गए मैटेरियल में आग लग गई और देखते ही देखते यह बिल्डिंग के अन्य हिस्सों में भी फैल गई। बिल्डिंग के अंदर से काला घना धुआं उठता हुआ दूर से भी दिखाई दे रहा है। बिल्डिंग से निकलते धुंए से आसपास के इलाकों में भी लोग डर गए। कोचिंग सेंटर में पढ़ने आए बच्चों में दहशत का माहौल देखने को मिला। कुछ छात्रों ने बिल्डिंग से कूदने की भी कोशिश की।
खिड़की से कूदने की कोशिश कर रहे कुछ छात्रों को फायर और पुलिस विभाग की टीम ने रोका और तुरंत बचाव ऑपरेशन चलाकर उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा। खबरों के मुताबिक कुछ छात्र अब भी बिल्डिंग में फंसे हुए हैं। फायर ब्रिगेड की टीम उन्हें बचाने के लिए अभियान चलाए हुए है। बताया जा रहा है कि अब आग पर काबू पा लिया गया है।
बता दें कि अमीरपेट इलाका काफी घनी बसावट वाला इलाका है। यहां काफी बड़ी संख्या में कोचिंग सेंटर मौजूद हैं, जो सॉफ्टवेयर कोर्स कराते हैं। पिछले महीने भी यहां चार मंजिला इमारत में आग लगने से एक बुजुर्ग महिला और दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी। यह आग नामपल्ली में एक फर्नीचर की दुकान में लगी थी।
इनपुट - पीटीआई
