Kolkata Market Fire: दक्षिण कोलकाता में अनवर शाह रोड के पास एक बाजार में बुधवार को आग लग गई। जिससे कई दुकानें आग की चपेट में आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। दमकल विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
डेढ़ घंटे बाद आग पर पाया काबू
दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि अनवर शाह रोड के पास संध्या बाजार में दोपहर करीब 3.20 बजे भीषण आग लग गई। जिस पर शाम 4.50 बजे के आसपास काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि दमकल की 16 गाड़ियों ने लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग की लपटों पर काबू पा लिया।
मंगलवार को कालिकापुर इलाके में लगी आग
कोलकाता के कालिकापुर इलाके में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से कई झुग्गियां जलकर राख हो गईं। एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि शाम करीब सवा पाँच बजे लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की चार गाड़ियां लगायी गईं। अधिकारी ने बताया कि आग आस-पास की इमारतों तक भी फैल गई, जिससे आंशिक रूप से क्षति पहुंची। अधिकारी ने बताया, "सर्वे पार्क थाना क्षेत्र के कालिकापुर में एक झोपड़ी में आग लग गई। आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। आग पर काबू पा लिया गया है। लेकिन कई झुग्गियां जलकर राख हो गई हैं।" एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सर्वे पार्क पुलिस थाने से अधिकारियों की एक टीम को घटनास्थल पर तैनात किया गया है।
(इनपुट - भाषा)
