शहर

गाजियाबाद की अवंतिका-2 सोसाइटी में लगी भीषण आग, बिल्डिंग में फंसे कई लोग, तीन पालतू कुत्तों की मौत

गाजियाबाद की अवंतिका-2 सोसाइटी में फ्लैट नंबर 202 में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। दमकल और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। लेकिन फ्लैट में धुआं भरने से तीन पालतू कुत्तों की मौत हो गई। आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया।

Image

गाजियाबाद में बड़ा अग्निकांड, बाल-बाल बचे लोग

Ghaziabad Fire News: गाजियाबाद में मंगलवार तड़के एक फ्लैट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। धुएं और आग की लपटों के बीच कई लोग अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को बिल्डिंग से बाहर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन तीन पालतू कु्त्तों की धुएं के कारण दम घुटने से मौत हो गई।

बिल्डिंग के तीसरे फ्लोर पर लगी आग

आग की घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में अवंतिका-2 सोसाइटी में फ्लैट नंबर 202 में हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) राहुल पाल सिंह ने बताया कि 2 जून की रात करीब 3:09 बजे कोतवाली घंटाघर को सूचना मिली कि अवंतिका-2 के तीसरे फ्लोर पर स्थित फ्लैट नंबर 202 में भीषण आग लगी हुई है। जिसके अंदर कुछ लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही दो फायर टेंडर और पुलिस टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया गया।

सीढ़ी लगाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर देखा कि ऊपरी मंजिलों पर लोग फंसे हुए हैं। इसके बाद सीढ़ियां लगाकर उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा गया। वहीं दूसरी ओर, टीम ने फ्लैट के अंदर जाने के लिए मेन गेट को तोड़ दिया और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग इतनी भयंकर थी कि पूरे फ्लैट में धुआं भर गया था।

आग लगने कारणों की जांच जारी

जब दमकलकर्मियों ने अंदर जांच की तो तीन पालतू डॉग्स मृत अवस्था में पाए गए। अधिकारियों के मुताबिक, धुएं के कारण उनका दम घुटने से कुत्तों की मौत हो गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग मामले की जांच कर रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article