Delhi Fire News: दिल्ली के भजनपुरा इलाके में रविवार तड़के एक घर में खड़े दोपहिया वाहनों में अचानक आग लग गई। जिससे जान बचाने के लिए चार लोगों ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी। जिससे चारों लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर दमकल की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। साथ ही घर में फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया। हालांकि अभी तक आग लगने की वजह सामने नहीं आई है।
पहली मंजिल से कूदे चार लोग
जानकारी के अनुसार आग घर के ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग स्थल पर खड़े दो स्कूटर और एक मोटरसाइकिल में लगी। जिससे छह मंजिला इमारत में धुआं भर गया।। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, एक अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 2:30 बजे सूचना मिली कि भजनपुरा के पास चांद बाग इलाके के एफ ब्लॉक में स्थित एक घर में आग लग गई। दमकलकर्मियों के पहुंचने से पहले ही घर के चार लोग पहली मंजिल से कूद गए, जिसमें तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। घायलों की पहचान पहचान निखत (22), रशीदा (50), सोनी (25) और आसिफ (2) के रूप में हुई है। चारों को जग प्रवेश चंद अस्पताल प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
बिल्डिंग में फंसे 8 लोगों को बचाया गया
अधिकारियों के अनुसार घर की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर 8 लोग फंसे थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है। इमारत की सघन संरचना के कारण धुआं तेजी से भर गया और लोग बाहर निकल नहीं पाए। आग को बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को लगाया गया। करीब 3:50 बजे तक आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया। आग लगने के कारण का पता लगने के लिए जांच जारी है।
