Ayodhya Fire Incident: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जब सरयू नदी के किनारे आयोजित महायज्ञ के दौरान अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी यज्ञशाला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और दमकल की छह गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यज्ञ में महा-आहुति के रूप में चढ़ाए गए नारियल के फटने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के द्वारा आयोजित महायज्ञ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अयोध्या में सरयू नदी के तट पर माझा जमथरा क्षेत्र में श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक अनुष्ठान रामनवमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के द्वारा आयोजित करवाया गया था। बताया जा रहा है कि यह यज्ञशाला श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से करीब 800 मीटर की दूरी पर स्थित है। शनिवार को आयोजित इस महायज्ञ में गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह भी उपस्थित रहे।
नारियल फटने से भड़क उठी आग
बताया जा रहा है कि यज्ञशाला में अर्पित किया गया एक नारियल अचानक फट गया, जिससे आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में लपटें तेज हो गईं और पूरी यज्ञशाला आग की चपेट में आ गई, जिससे वहां दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और छह दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने क्या बताया?
उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि यज्ञशाला में अचानक आग लग गई थी, लेकिन वहां पहले से ही फायर ब्रिगेड की व्यवस्था मौजूद थी। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित कर लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सूत्रों के अनुसार, सरयू नदी के किनारे स्थापित इस यज्ञशाला में कुल 1251 हवन कुंड बनाए गए थे और शनिवार को महायज्ञ का समापन दिवस था। जिस समय यह हादसा हुआ, वहां काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, लेकिन सभी लोगों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
