Patna Hostel Fire: पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत की बात है कि दमकल की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया है। जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना के समय हॉस्टल में करीब 60 छात्राएं मौजूद थीं। राहत की बात ये है कि इस हादसे में कोई छात्रा घायल नहीं हुई है। हालांकि कमरे में मच्छरदानी और बेड समेत कुछ सामान जल गया है। जानकारी के अनुसार, इन छात्राओं को कुछ दिन पहले ही आग से बचाव की ट्रेनिंग दी गई थी, जिसकी वजह से एक बड़ा हादसा टालने में मदद मिल सकी।
पटना के गर्ल्स हॉस्टल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
कमरे में धुआं भरते ही छात्राओं ने मचाया शोर
आग की यह घटना गर्दनीबाग थाना क्षेत्र स्थित अलीनगर के रहमानी-30 गर्ल्स हॉस्टल में हुई। जानकारी के अनुसार, आग बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण लगी। चिंगारी कमरे में लगी मच्छरदानी तक पहुंची और देखते ही देखते बेड ने भी आग पकड़ ली। हॉस्टल के जिस कमरे में आग लगी, उसमें तीन छात्राएं रहती थीं। अचानक कमरे में धुआं भरने से छात्राएं घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर हॉस्टल की अन्य छात्राएं और कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की एक यूनिट मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
कुछ दिन पहले ही मिली थी अग्निशमन की ट्रेनिंग
हॉस्टल प्रबंधन के प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले ही छात्राओं को आग से बचाव और अग्निशमन संबंधी ट्रैनिंग दी गई थी। घटना के दौरान छात्राओं ने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई और तुरंत हॉस्टल कर्मचारियों को सूचना दी। अतुल कुमार के अनुसार, सूचना मिलने के करीब आधे घंटे में अग्निशमन टीम मौके पर पहुंच गई। छात्राओं की सतर्कता और समय पर मिली सूचना से आग पर काबू पाने में मदद मिली। घटना के बाद हॉस्टल में मौजूद सभी छात्राएं सुरक्षित हैं।
