UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में बिहार के एक मौलवी के खिलाफ सोमवार को राज्य के कई स्थानों पर नई शिकायतें दर्ज कराई गईं। वहीं पुलिस ने बताया कि इस संबंध में बलरामपुर जिले में पहले ही मामला दर्ज किया जा चुका है। मौलवी के खिलाफ एफआईआर में बीएनएस की धाराएं 196(1)(ए), 299 और 353(1)(सी) लगाई गई हैं। बलिया जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने बांसडीह कोतवाली थाने में मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मौलवी ने मुख्यमंत्री की मां को लेकर अनुचित और आपत्तिजनक बयान दिया है।
बांसडीह कोतवाली के थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित आवेदन दिया है, जिस पर जांच की प्रक्रिया जारी है। इसी बीच अलीगढ़ जिले के खैर से भाजपा विधायक सुरेंद्र दिलेर ने भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मौलवी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दिलेर ने अपने पत्र में कहा कि मौलाना अब्दुल सलीम की टिप्पणियों का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कुछ हिंदू धार्मिक प्रथाओं और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की मां के खिलाफ अपमानजनक बातें की गई हैं। दिलेर ने बताया कि इससे समुदायों के बीच सौहार्द बिगड़ने का खतरा है और पुलिस से आग्रह किया कि आरोपी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने क्या बताया?
इससे पहले, बलरामपुर में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां के खिलाफ कथित टिप्पणी के मामले में बिहार के मौलाना के खिलाफ बलरामपुर नगर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने सोमवार को बताया कि यह मुकदमा भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा की तहरीर पर दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मिश्रा ने अपनी शिकायत में कहा कि मौलाना अब्दुल सलीम ने एक धार्मिक जलसे के दौरान मुख्यमंत्री और उनकी मां के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की।
यूपी के कई हिस्सों विरोध प्रदर्शन
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, तहरीर में मौलाना अब्दुल सलीम पर गौकशी से जुड़े कानून का उल्लंघन करने और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को भड़काने का भी आरोप लगाया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां के खिलाफ कथित टिप्पणी के मामले में सख्त कदम उठाने की मांग की है। इस विवाद के चलते राज्य के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन भी शुरू हो गए हैं।
भाजपा सांसद रवि किशन ने भी की टिप्पणी की निंदा
रविवार को बलरामपुर, बस्ती, सीतापुर और कानपुर समेत कई जिलों में प्रदर्शन आयोजित किए गए, जिनमें कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने नारे लगाए और मौलाना की गिरफ्तारी की मांग की। लखनऊ के हजरतगंज थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई, जहां प्रदर्शनकारियों ने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए मौलाना का पुतला जलाया। कुछ समूहों ने चेतावनी दी है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे 11 मार्च को राज्य की राजधानी में बड़े विरोध प्रदर्शन करेंगे। गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने भी इस टिप्पणी की कड़ी निंदा की। पुलिस ने बताया कि वे स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और विभिन्न जिलों में दर्ज शिकायतों की जांच कर रहे हैं।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
