शहर

परभणी में नमकीन फैक्ट्री पर FDA की बड़ी कार्रवाई, लाइसेंस सस्पेंड, 22.5 टन माल जब्त

महाराष्ट्र के परभणी में FDA ने मेसर्स मोती नमकीन प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री से 22,550 किलो मिक्स शेव और फरसाण जब्त किया। निरीक्षण में तेल के रिकॉर्ड, साफ-सफाई, स्वच्छता आदि में खामियां मिली हैं।

Image

परभणी में नमकीन फैक्ट्री पर FDA की कार्रवाई

Photo : Times Now Digital

Maharashtra FDA news: दिवाली और त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर महाराष्ट्र के परभणी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। FDA ने एक नमकीन निर्माता कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 22,550 किलो मिक्स शेव और फरसाण का स्टॉक जब्त किया है। जब्त किए गए माल की कीमत करीब 63.14 लाख रुपये बताई गई है। फैक्ट्री में निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी कई खामियां मिलने के बाद उसका खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।

तेल के रिकॉर्ड नहीं, मसाले खुले में रखे मिले

यह कार्रवाई त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए महाराष्ट्र में चलाए जा रहे ‘सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ अभियान के तहत की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने परभणी के MIDC क्षेत्र में प्लॉट नंबर सी-15 और सी-18 स्थित मेसर्स मोती नमकीन प्राइवेट लिमिटेड के कारखाने का जायजा लिया था। इस दौरान अधिकारियों को खाद्य तेल की गुणवत्ता से जुड़े रिकॉर्ड नहीं मिले। तेल को बार-बार गर्म करने से उसमें 'टोटल पोलर कंपाउंड्स' (TPC) की मात्रा बढ़ने का खतरा था, जो सेहत के लिए बेहद हानिकारक है। इसके अलावा, फरसाण बनाने वाले मसाले खुले व संदिग्ध हालत में रखे मिले। कचरा प्रबंधन ठीक नहीं था और फरसाण का तैयार स्टॉक जमीन पर अव्यवस्थित ढंग से पड़ा था।

कर्मचारियों की स्वच्छता और कीट नियंत्रण में भी खामियां

जांच में नालियों की निकासी व्यवस्था में चूहों और कीटों को रोकने के लिए कोई ट्रैप नहीं था। साथ ही, कीटनाशक और सफाई वाले रसायन खाद्य पदार्थों के पास ही रखे पाए गए, जिससे उनके दूषित होने का खतरा था। काम करने वाले मजदूरों के पास कैप, दस्ताने और एप्रन जैसे सुरक्षा उपकरण नहीं थे। उनके बढ़े हुए नाखून, दाढ़ी और स्टोर रूम में फैली धूल व जाले गंभीर लापरवाही को दर्शाते हैं।

कच्चे माल के रिकॉर्ड में कमी

अधिकारियों के मुताबिक, कच्चे माल की खरीद से जुड़े बिल, बैच नंबर और सप्लायर की जानकारी के रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। इससे खाद्य विषाक्तता (Food Poisoning) जैसी किसी घटना की स्थिति में सामग्री के स्रोत का पता लगाने में परेशानी हो सकती है। कार्रवाई के दौरान एफडीए अधिकारियों ने गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर जब्त स्टॉक को सीलबंद कर दिया है और बिना अनुमति इसे हटाने या बेचने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है।

नमूने जांच के लिए भेजे गए

जब्त किए गए शेव और खाद्य तेल के नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अंतिम रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित खाद्य कारोबार संचालक के खिलाफ कोर्ट में आपराधिक मामला दायर किया जाएगा। फिलहाल फैक्ट्री का खाद्य लाइसेंस निलंबित है।

दिवाली पर नमकीन खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

त्योहार के सीजन में सिर्फ मिठाई ही नहीं, बल्कि नमकीन की खरीदारी करते समय उपभोक्ताओं को कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए।

  • मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट: पैकेट खरीदने से पहले उसके निर्माण और इस्तेमाल की आखिरी तारीख जरूर देखें।
  • सील और लाइसेंस की जानकारी: पैकेट की सील सही होनी चाहिए। साथ ही खाद्य लाइसेंस और अन्य जरूरी विवरण भी देखें।
  • खुले में रखे खाद्य पदार्थों से बचें: गंदगी वाली जगह पर रखी या अस्वच्छ तरीके से बेची जा रही नमकीन खरीदने से बचें।
  • रंग और गंध पर ध्यान दें: नमकीन के रंग, गंध या गुणवत्ता को लेकर संदेह हो तो उसे न खरीदें।
  • शिकायत जरूर करें: खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता या स्वच्छता में गड़बड़ी नजर आने पर संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।
Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article