Kaushambi Murder News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है, जहां संपत्ति के लालच में दो बेटे हत्यारे बन बैठे। जानकारी के अनुसार महेवा घाट थाना क्षेत्र में दो सगे बेटों ने कथित तौर पर जमीन के बंटवारे के विवाद में अपने पिता की हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस को खेत से शव बरामद हुआ है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
कुल्हाड़ी से आरोपी बेटों ने किया वार
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि अजरौली गांव निवासी नथन सरोज (60) की शनिवार देर शाम खेत से घर लौटते समय उनकी पहली पत्नी के बेटों झुरई और लवलेश ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद दोनों ने शव को छिपाने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने खेत से बरामद कर लिया।
पिता ने की थी दो शादियां
कुमार ने बताया कि नथन सरोज की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी कलुटिया से झुरई व लवलेश और दूसरी पत्नी सावित्री से राहुल नामक एक बेटा है।
उन्होंने कहा, ’’झुरई और लवलेश चाहते थे कि उनके पिता अपनी जमीन में राहुल को हिस्सा न दें, लेकिन नथन सरोज ने राहुल को अपनी जमीन का एक-तिहाई हिस्सा दे दिया था। इसी बात को लेकर दोनों नाराज थे और शनिवार शाम कुल्हाड़ी से वार कर पिता की हत्या कर दी।’’
दूसरी पत्नी के बेटे ने दी तहरीर
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नथन की दूसरी पत्नी के बेटे राहुल की तहरीर पर झुरई और लवलेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
(इनपुट - भा,ा)
