शहर

Bulandshahr: गुस्से की आग ऐसी की कातिल बना पिता; बेटी ने चुराया टॉफी का पैकेट, पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

बुलंदशहर जिले के रतनपुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक पिता ने अपनी 12 साल की बेटी को डंडे से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की वजह बेटी द्वारा एक टॉफी का पैकेट चोरी करना बताई जा रही है। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर मामले की गंभीर जांच शुरू कर दी गई है।

Image

बुलंदशहर में बेटी की पीट-पीटकर हत्या करने वाला पिता गिरफ्तार (सांकेतिक फोटो)

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के नरोरा थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही 12 साल की बेटी की बेरहमी से पिटाई कर उसकी जान ले ली। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि, आरोपी पुष्पेंद्र उर्फ पप्पू शर्मा की बेटी ने एक किराने की दुकान से टॉफी का एक पैकेट चुराया था। पुलिस ने कहा कि पुष्पेंद्र तब गुस्से में आ गया जब दुकानदार ने उससे शिकायत की कि उसकी बेटी ने उसकी दुकान से चोरी की है। आरोपी ने 26 मार्च को अपनी 12 साल की बेटी को डंडे से बुरी तरह पीटा। इसके चलते बच्ची बेहोश हो गई और कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक और गुस्से का माहौल है।

मां ने दर्ज करवाई शिकायत

घटना के एक दिन बाद, 27 मार्च को मृत बच्ची की मां ने थाना नरोरा में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में अपराध संख्या 56/2026 के तहत धारा 115(2), 351(3) और 105 बीएनएस में केस दर्ज किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों, विशेष रूप से दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम बनाई गई। जिले में चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी कर आरोपी की खोज तेज कर दी।

कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन

नरोरा थाना पुलिस ने 28 मार्च को कार्रवाई करते हुए आरोपी पुष्पेंद्र उर्फ पप्पू शर्मा को चौढेरा रतनपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अब माननीय न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गंगाप्रसाद आर्य के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, उपनिरीक्षक निखिल कुमार मिश्र और कांस्टेबल पवन कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article