उन्नाव : जिले में पिता-पुत्री ने मालगाड़ी के आगे कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। गंगाघाट थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना सोमवार रात करीब पौने नौ बजे कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर शुक्लागंज क्षेत्र में सहजनी फाटक के पास की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मालगाड़ी को आता देख यश गुप्ता (45) और उनकी 14 वर्षीय बेटी ने रेलवे लाइन पर छलांग लगा दी जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, अभी तक आत्महत्या का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
डाउन लाइन पर रुका रहा रेल यातायात
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और स्थानीय पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा कारणों से डाउन लाइन को कुछ समय के लिए रेल यातायात रोक दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान लखनऊ जा रही तेजस एक्सप्रेस और गोमती एक्सप्रेस कुछ देर रुकी रहीं।
कानपुर नंबर की कार से मिले कुछ साक्ष्य
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर देवाराकला गांव की ओर सफेद रंग की एक कार खड़ी मिली, जिसका पंजीकरण कानपुर का है। उसने बताया कि वाहन के अंदर मिले मोबाइल फोन और कागजात की जांच करने पर यह कार यश गुप्ता की होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने पंजीकरण संख्या के आधार पर परिजनों को सूचना दी और जांच शुरू की।
शवों का पोस्टमार्टन कराया गया
पुलिस ने बताया कि यश गुप्ता की पत्नी ने शवों की शिनाख्त कर ली है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिरकार उन्होंने बेटी के साथ आत्महत्या क्यों की।
