Fatehpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से क सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। जहां पति-पत्नी ने मिलकर प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। जिसके बाद वारदात को छिपाने की भी जी-तोड़ कोशिश की गई। लेकिन आखिरकार मोबाइल ने सारा राज खोल दिया। बताया जा रहा है कि मोबाइल की यूट्यूब हिस्ट्री में हत्या के बाद बचाव, जेल से बचने और जमानत से जुड़े वीडियो सर्च किए गए थे, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।
8 मई के बाद लापता हुआ विजय
जानकारी के अनुसार बकेवर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी विजय निषाद 8 मई को अपने घर से निकला था। जिसके बाद वह घर वापस नहीं आया। 11 मई को विजय के परिजनों ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और उसके मोबाइल की लोकेशन और कॉल हिस्ट्री खंगाली गई। जांच में पता चला कि विजय का पिछले आठ सालों से हमीरपुर निवासी किरण नाम की महिला के साथ प्रेम संबंध था। यही रिश्ता विजय की हत्या की वजह बना। आरोप है कि महिला के पति ने उसकी हत्या की साजिश रची और पत्नी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया।
दंपति ने रची हत्या की साजिश
पुलिस के अनुसार, महिला के पति को इस प्रेम संबंध का पता चला तो उसने पत्नी के साथ मिलकर विजय को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। साजिश के तहत किरण ने विजय को कॉल कर अपने घर बुलाया। वहां पहले से मौजूद पति ने मौका मिलते ही उसके सिर पर चौखट से हमला कर दिया, जिससे विजय की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शव को टुकड़ों में काट दिया और और बाइक से कानपुर क्षेत्र के जंगल में ले जाकर जला दिया गया। आरोपयों ने शव की पहचान छिपाने के लिए विजय के पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, जूते और अन्य सामान भी जंगल में फेंक दिए गए। पुलिस ने जब इस मामले की जांच शुरू की तो आरोपी दंपति लगातार गुमराह करने की कोशिश करते रहे। हालांकि जब पुलिस ने उनके मोबाइल फोन की जांच की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
मोबाइल की यूट्यूब हिस्ट्री में हत्या के बाद बचाव, जेल से बचने और जमानत से जुड़े वीडियो सर्च किए गए थे, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया। जब पुलिस ने दंपति से सख्ती से पूछताछ की, तो दोनों आरोपी टूट गए और पूरी वारदात का खुलासा किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सामान, बाइक और अन्य सबूतों को बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मलिक ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
