Bhagalpur Road Accident: बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें चार लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह हादसा झंडापुर थाना क्षेत्र के बागड़ी पुल के समीप हुआ। यहां एक प्राइवेट बस, मैजिक वाहन और सीएनजी ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
भागलपुर में भीषण सड़क हादसा (फोटो: ANI)
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में लगभग 11 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से जख्मी आठ घायलों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में जारी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया अभी चल रही है।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे में शामिल वाहनों को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटना की संभावित वजह लग रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच जारी है। हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
मृतकों में ये हैं शामिल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतकों की पहचान कटिहार जिले के समेली निवासी 40 वर्षीय अरविंद मंडल, खगड़िया जिले के मरार (मोरकाही) निवासी अमन निषाद के छह वर्षीय पुत्र कुनाल कुमार, भागलपुर जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के भिट्टा गांव की 35 वर्षीय पूरमी देवी और उनके 40 वर्षीय पति सुनील दास के रूप में की गई है।
घायल खतरे से बाहर
भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने जेएलएनएमसीएच में भर्ती घायलों से मुलाकात के बाद बताया कि सभी घायलों का समुचित इलाज किया जा रहा है और अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक उनकी देखरेख में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और चार लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि भी की।
