शहर

भागलपुर में भीषण सड़क हादसा; गाड़ियों की आमने-सामने भिड़ंत में चार की मौत, कई घायल

बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। झंडापुर थाना क्षेत्र के बागड़ी पुल के पास प्राइवेट बस, मैजिक वाहन और सीएनजी ऑटो की आमने-सामने टक्कर से यह दुर्घटना हुई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच जारी है।

Image

भागलपुर में भीषण सड़क हादसा (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Bhagalpur Road Accident: बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें चार लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह हादसा झंडापुर थाना क्षेत्र के बागड़ी पुल के समीप हुआ। यहां एक प्राइवेट बस, मैजिक वाहन और सीएनजी ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना में लगभग 11 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से जख्मी आठ घायलों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में जारी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया अभी चल रही है।

मामले की जांच जारी

पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे में शामिल वाहनों को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटना की संभावित वजह लग रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच जारी है। हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

मृतकों में ये हैं शामिल

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतकों की पहचान कटिहार जिले के समेली निवासी 40 वर्षीय अरविंद मंडल, खगड़िया जिले के मरार (मोरकाही) निवासी अमन निषाद के छह वर्षीय पुत्र कुनाल कुमार, भागलपुर जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के भिट्टा गांव की 35 वर्षीय पूरमी देवी और उनके 40 वर्षीय पति सुनील दास के रूप में की गई है।

घायल खतरे से बाहर

भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने जेएलएनएमसीएच में भर्ती घायलों से मुलाकात के बाद बताया कि सभी घायलों का समुचित इलाज किया जा रहा है और अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक उनकी देखरेख में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और चार लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि भी की।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article