Faridabad traffic advisory: ड्रग-फ्री हरियाणा साइक्लोथॉन 2.0' में फरीदाबाद के 42 हजार साइकिल सवार नशा मुक्ति को लेकर शामिल होंगे। इस वजह से 10 और 11 अप्रैल को शहर में कुछ खास रास्तों पर डायवर्जन किए गए हैं। साइक्लोथॉन को लेकर दिल्ली-आगरा हाईवे, डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे (बाईपास) से लेकर ग्रेटर फरीदाबाद और सेक्टर-12 से लेकर पाली-सोहना रोड तक ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस की तरफ से एडवाइजरी भी जारी कर दी गई है।
इन दो दिनों में साइक्लोथॉन के रूट में पड़ने वाले रास्ते आम गाड़ियों के परिचालन में असुविधा आएगी।
कल का डायवर्जन
रैली कल यानी 10 अप्रैल को लगभग 11:00 बजे सीकरी बॉर्डर पर पहुंचेगी। यहां से यह रैली दिल्ली-आगरा हाईवे से बल्लभगढ़ , अग्रवाल धर्मशाला से तिगांव रोड होते हुए डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेस(बाईपास रोड) के सेक्टर-आठ चौक से ग्रेटर फरीदाबाद में प्रवेश करेगी। फिर यहां से बाबा प्लाहा गुर्जर चौक, नीमका गांव, तिगांव, सदपुरा गांव , फरीदपुर गांव, वर्ल्ड स्ट्रीट मॉल से बीपीटीपी चौक (डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे) से होते हुए दोपहर करीब 1:30 बजे सेक्टर-12 में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचेगी।
10 अप्रैल को आम गाड़ियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर दो बजे तक इन रास्तों पर चलने में असुविधा होगी। परेशानी से बचने के लिए ट्रैफिक विभाग की सलाह है कि इस समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
परसों के लिए एडवाइजरी
इसके बाद परसों यानी 11 अप्रैल को साइक्लोथॉन फिर शुरू होगा। सुबह 5:30 बजे से सुबह 8:00 बजे तक साइकिल रैली की वजह से ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। 11 अप्रैल को यह रैली सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर से 5:30 बजे के आसपास शुरू होगी। यहां से सेक्टर-12 से सेक्टर-15 मार्केट, सेक्टर-15/16 डिवाइडिंग रोड से दिल्ली-आगरा हाईवे होते हुए अजरौंदा पहुंचेगी। रैली यहां से चलकर बीके चौक, मुल्ला होटल चौक से NIT-तीन मस्जिद चौक, सैनिक कॉलोनी ट्रैफिक लाइट से भांकरी गांव से होते हुए पाली गांव जाएगी। रैली के यहां से बल्लभगढ़-सोहना रोड होते हुए पाखल, धौज से 8:00 बजे तक खोरी-जमालपुर पहुंचने की संभावना है। यहां से यह रैली गुरुग्राम के लिए रवाना हो जाएगी।
सुबह 5:30 से 8:00 इस दौरान रैली के रूट पर यातायात प्रभावित रहेगा।
