Faridabad News: फरीदाबाद के मुजेसर इलाके में एक कारखाने में लगी आग में घायल हुए दो लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान फैक्टरी मालिक विजय मोंगा के बेटे अभिषेक मोंगा (37) और फैक्टरी में काम करने वाले संजय कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार (21) के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि हादसे के दौरान दोनों आग में लगभग 50 प्रतिशत जल गए थे। उन्हें गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उनकी मौत हो गई।
फैक्टरी में आग लगने से 37 लोग हुए घायल
जानकारी के अनुसार, सोमवार को कालकाजी लुब्रिकेंट्स एंड शिव स्टील कंपनी की कार्यशाला में आग लग गई थी। जिसमें 37 लोग घायल हो गए थे। घायलों में ये अभिषेक मोंगा और प्रदीप कुमार भी शामिल थे। जिनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। फैक्टरी में यह आग तब लगी जब रसायनों से भरे एक ड्रम में चिंगारी गिर गई, जिससे सिलसिलेवार विस्फोट हुए। पुलिस ने बताया कि अभिषेक अपने पिता को बचाने के लिए कारखाने के अंदर गया और घायल हो गया।
फैक्टरी मालिक भी अस्पताल में भर्ती
इस घटना के सिलसिले में विजय मोंगा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वह भी आग में घायल हो गया था और दिल्ली के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि जिला उपायुक्त के आदेश पर मामले की जांच के लिए बडखल के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। दो दमकलकर्मियों रणवीर और भाविचंद की हालत गंभीर बताई जाती है। अधिकारी ने बताया कि वे 50 प्रतिशत से अधिक जल गए हैं और सफदरजंग अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
(इनपुट - भाषा)
