शहर

Ahmedabad News: मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को ‘माता का भुवा’ बनकर ठगता था मदारी गैंग, दो गिरफ्तार

Ahmedabad News: अहमदाबाद में मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को ‘माता का भुवा’ बनकर ठगने वाली कथित मदारी गैंग का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया।

Image

अहमदाबाद में ठगी करने वाली मदारी गैंग का पर्दाफाश

Photo : Times Now Digital

Ahmedabad News: गुजरात के अहमदाबाद में मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को खुद को माता का ‘भुवा’ बताकर ठगी करने वाली कथित मदारी गैंग का LCB जोन-7 ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से ठगी में इस्तेमाल किए गए सोने के गहने बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक वडोदरा के पानीगेट थाने में दर्ज इसी तरह के मामले में वांटेड था।

सफाईकर्मी को ‘माता की कृपा’ का झांसा

पुलिस के मुताबिक, 30 मई 2026 को वटवा के महालक्ष्मी तालाब के पास चॉइस फास्ट फूड के सामने सफाईकर्मी गीताबेन चौहान के साथ ठगी हुई थी। वह सुबह करीब साढ़े नौ बजे सड़क पर सफाई कर रही थीं। तभी तीन लोग ऑटो रिक्शा से वहां पहुंचे। रिक्शा की पिछली सीट पर बैठे एक व्यक्ति ने सफेद शर्ट पहन रखी थी और खुद को खोडियार माता का भुवा बताया।

आधी सोने की चेन गायब कर हुए फरार

आरोपी ने गीताबेन से कहा कि उसे निकोल स्थित खोडियार मंदिर जाना है और उनसे रास्ता पूछा। इसके बाद उसने उनसे एक रुपये का सिक्का मांगा। गीताबेन ने उसे दो रुपये का सिक्का दिया। आरोपी ने सिक्का वापस देते हुए उसे पर्स में रखने को कहा और कहा कि माता उनकी भलाई करेंगी। इसके बाद आरोपी ने उनसे अन्य सामान मांगना शुरू किया। गीताबेन ने अपने गले में पहनी करीब 10 ग्राम की सोने की चेन उतारकर उसे दे दी। आरोपी ने कुछ देर बाद चेन वापस कर दी और तीनों लोग रिक्शा से वहां से चले गए। जब गीताबेन ने चेन देखी तो उसका करीब आधा हिस्सा गायब था।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी करीब पांच ग्राम सोने की चेन, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये थी, लेकर फरार हो गए थे। सामाजिक कार्य के कारण गीताबेन ने उस समय शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। बाद में उन्होंने वटवा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान एलसीबी जोन-7 की टीम को आरोपियों के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने पहचान के बाद पवननाथ ठाकोरनाथ चौहान और रमेशनाथ उर्फ हापुड़ी नटवरनाथ चौहान को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी कथित तौर पर मदारी समुदाय से हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से सोने के आभूषण समेत मामले से संबंधित सामान बरामद किए गए है। वटवा पुलिस थाने में दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 54 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पवननाथ के खिलाफ पहले वेजलपुर और कपड़वंज ग्रामीण थाने में मामले दर्ज हैं। वहीं, रमेशनाथ के खिलाफ कृष्णनगर थाने में मामला दर्ज है। पवननाथ के खिलाफ वडोदरा शहर के पानीगेट पुलिस थाने में BNS की धारा 316(2), 318(4) और 54 के तहत दर्ज मामले में भी वह वांटेड था। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गैंग द्वारा इस तरह की ठगी की अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article