शहर

होली पर लखनऊ पुलिस अलर्ट; 3800 होलिका दहन स्थलों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सोशल मीडिया पर होगी 24 घंटे निगरानी

होली और होलिका दहन के मद्देनजर लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिले भर में हजारों स्थानों पर होने वाले आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील करते हुए अफवाह फैलाने और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Image

होली 2026 और होलिका दहन के लिए लखनऊ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Lucknow Holi Security Arrangements: होली और होलिका दहन के अवसर पर लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। इस संबंध में संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार ने जानकारी दी कि होली का पर्व 4 तारीख तक मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह रंगों और उल्लास का त्योहार है, जिसे शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस कई दिनों से लगातार तैयारियों में जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि पहले से हुए सभी विवादों की समीक्षा और सत्यापन कर लिया गया है तथा संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किया जा चुका है। हर थाने और एसीपी स्तर पर क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिकों, आयोजकों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई हैं। इन बैठकों का उद्देश्य बेहतर समन्वय स्थापित करना और किसी भी संभावित समस्या का समय रहते समाधान सुनिश्चित करना है।

3800 स्थानों पर होलिका दहन के कार्यक्रम

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि जिले भर में करीब 3800 स्थानों पर होलिका दहन के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। प्रत्येक स्थल पर मोबाइल पुलिस टीमें और स्थायी बल की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। इसके अलावा हर आयोजन स्थल पर आयोजकों के साथ चार से पांच जिम्मेदार व्यक्तियों की एक टीम बनाई गई है, जिन्हें कार्यक्रम को सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी गई है। रंगों के पर्व के दौरान 3 और 4 तारीख को पुलिस कर्मियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में लगाई गई है। खासकर पुराने शहर के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

14 कंपनियां पीएसी की तैनात की गईं

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने जानकारी दी कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगभग 14 कंपनियां पीएसी की तैनात की गई हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न कार्यालयों और अन्य इकाइयों के पुलिसकर्मियों को भी त्योहार के दिन दो पालियों में ड्यूटी पर लगाया जाएगा, ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई हो सके और प्रतिक्रिया समय को न्यूनतम रखा जा सके। उन्होंने बताया कि पिछले तीन सालों में जिन इलाकों को संवेदनशील या हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया था, वहां पीआरवी वाहनों की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही एलआईयू और स्थानीय थानों की सहायता से पहले उपद्रव कर चुके खुराफातियों की पहचान कर उनके खिलाफ पाबंदी संबंधी कार्रवाई की गई है, जिससे वे त्योहार के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न फैला सकें।

सोशल मीडिया सेल चौबीसों घंटे रहेगी सक्रिय

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस की सोशल मीडिया सेल चौबीसों घंटे सक्रिय रहकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की निगरानी करेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति झूठी खबरें, अफवाहें या भ्रामक संदेश प्रसारित कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास न कर सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे होली का पर्व आनंद, उमंग और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा यह सुनिश्चित करें कि उनके आचरण से किसी को परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की शरारत या अव्यवस्था फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article