अयोध्या की हर सांस में राम बसते हैं, प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह में बोले राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज अयोध्या राम मंदिर की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि अयोध्या की हर सांस राममय है। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन को ऐतिहासिक बताया और पीएम मोदी के नेतृत्व में अयोध्या के विकास और बढ़ते धार्मिक पर्यटन की भी जमकर तारीफ की।

अयोध्या में आज यानी बुधवार 31 दिसंबर को राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ का उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। राजनाथ सिंह ने इस अवसर को देश के लिए ऐतिहासिक गौरव और आध्यात्मिक संतोष का क्षण बताया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज अयोध्या की हर सांस में प्रभु श्रीराम बसते हैं और यह अनुभूति सिर्फ अयोध्या तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे भारत और विश्व में राम को मानने वाले हर हृदय में भी व्याप्त है।

Rajnath Singh Ayodhya

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी समारोह में शामिल हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (फोटो - ANI)

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने दो साल पहले हुए प्राण प्रतिष्ठा समारोह को याद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सदियों के इंतजार के बाद भगवान श्रीराम अपने भव्य और दिव्य मंदिर में विराजमान हुए। उनकी अलौकिक छवि आज न सिर्फ अयोध्या, बल्कि पूरे विश्व को गौरवान्वित कर रही है। राजनाथ सिंह बोले- अयोध्या की हर गली, हर चौराहा और हर द्वार आज राममय हो चुका है।

End of Feed