Punjab News: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद और उपनेता डॉ. अशोक मित्तल के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने इस कार्रवाई को लेकर पार्टी सांसद राघव चड्ढा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अनुराग ढांडा का दावा है कि डॉ. मित्तल के यहां हुई ईडी की रेड के पीछे राघव चड्ढा की भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा कि हाल ही में राघव चड्ढा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की थी और उसी दौरान इस कार्रवाई की योजना बनाई गई।
अनुराग ढांडा ने क्या बताया?
अनुराग ढांडा के मुताबिक, इस छापेमारी के जरिए भाजपा ने पंजाब में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की है। AAP नेता ने यह भी कहा कि कुछ समय पहले ही डॉ. अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता बनाया गया था, जबकि इससे पहले यह जिम्मेदारी राघव चड्ढा के पास थी। इस बदलाव को लेकर चड्ढा की नाराजगी की चर्चा भी सामने आई थी।
राघव चड्ढा को केंद्र सरकार की ओर से जेड प्लस सुरक्षा
ढांडा ने सवाल उठाया कि क्या यह महज संयोग है कि पद परिवर्तन के तुरंत बाद मित्तल के घर पर ईडी की कार्रवाई हुई और इसी दौरान राघव चड्ढा को केंद्र सरकार की ओर से जेड प्लस सुरक्षा प्रदान कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष शासित राज्यों में पहले केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करती है और उसके बाद चुनावी गतिविधियों को तेज करती है।
किसी भी जांच या कार्रवाई से डरने वाले नहीं
अनुराग ढांडा ने कहा कि पंजाब में भी इसी रणनीति के तहत यह कार्रवाई की गई है। AAP की ओर से यह भी कहा गया कि पार्टी के नेता किसी भी जांच या कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पहले भी जेल जा चुके हैं, इसलिए ऐसे दबाव से पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है। हालांकि, इन आरोपों पर राघव चड्ढा या भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
