Churu Dust Storm: राजस्थान के चूरू जिले में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ क्षेत्र में रेतीला तूफान उठने से धूल का घना गुबार फैल गया। इस अचानक बदलाव ने स्थानीय लोगों को गर्मी से राहत के साथ-साथ मुश्किलों का सामना भी करा दिया। कुछ घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई है।
चूरू में आया रेतीला तूफान (फोटो- PTI)
कई इलाकों में आंधी-बारिश का दौर
मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग के अनुसार राज्य में तेज आंधी एवं बारिश का दौर अभी जारी रहेगा और इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि एवं वज्रपात भी हो सकता है। मौसम केंद्र (जयपुर) के मुताबिक शनिवार सुबह तक 24 घंटों में कुछ भागों में आंधी चली और बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश धौलपुर के बाड़ी में 58 मिलीमीटर दर्ज की गई।
लू से राहत की उम्मीद
मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज यानी शनिवार को भी बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर एवं उदयपुर संभागों के कुछ भागों में दोपहर बाद 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से तेज आंधी चलेगी तथा कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना हा। केंद्र ने कहीं-कहीं ओलावृष्टि एवं वज्रपात होने का भी अनुमान लगाया है। राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश की गतिविधियां अगले चार-पांच दिन जारी रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री से नीचे रहने तथा 'लू' से राहत बने रहने का अनुमान है।
आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल?
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार 31 मई को राज्य के कई हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम अस्थिर बना रहेगा। वहीं कहीं-कहीं धूल भरी आंधी और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। इस मौसम परिवर्तन के चलते तापमान में हल्की गिरावट आने और भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।
