शहर

Dumka Accident: लाइटर लदे ट्रक में ट्रेलर की टक्कर से भड़की आग, 4 वाहन जलकर राख

झारखंड के दुमका में लाइटर से भरे वाहन को पीछे से टक्कर लगने के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में चार ट्रक आग की लपटों में जल गए। कुछ लोगों के हताहत होने की भी सूचना मिली है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और स्थिति भी नियंत्रण में है।

Image

दुमका में भीषण हादसा

Jharkhand Road Accident: झारखंड के दुमका जिले में बुधवार शाम एक भीषण हादसा हो गया। जहां गैस लाइटर से लदे एक ट्रक को चिप्स लदे एक ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि गैस लाइटर ट्रक में भीषण आग लग गई। जिसकी लपटों ने चिप्स लदे ट्रेलर को भी चपेट में ले लिया। इस भीषण आग की चपेट में आने से एक अन्य ट्रेलर और एक हाइवा भी जल गए। बताया जा रहा है इस हादसे में ट्रेलर के खलासी की जलकर मौत हो गई और दो अन्य लोग झुलस गए। हालांकि अभी मृतकों और घायलों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं हो पाई है।

आग पर पाया गया काबू

यह हादसा दुमका रेलवे स्टेशन के पास रिंग रोड स्थित एएन कॉलेज मोड़ पर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है। लेकिन आग में चार ट्रक जलकर राख हो गए। फिलहाल स्थिति काबू में बताई जा रही है। इस हादसे में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुमका के एसडीओ कौशल कुमार ने बताया कि एडमिनिस्ट्रेशन को जानकारी मिली थी कि लाइटर (ज्वलनशील पदार्थ) ले जा रही एक वाहन को पीछे से दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे लाइटर नीचे गिर गए और उनमें आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैलती चली गई और चार गाड़ियां इसकी चपेट में आने से जल गई। उन्होंने बताया कुछ लोग घायल हुए हैं। गाड़ी में सो रहा एक शख्स आग में झुलस गया है। साथ ही वाहन चालक भी झुलसने से घायल हो गया। दोनों को तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि जिस कंटेनर पर लाइटर रखा था, उसे टक्कर लगने से लाइटर में आग लगी। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं।

एहतियातन एक दमकल गाड़ी मौके पर मौजूद

एसडीओ कौशल कुमार ने बताया कि एहतियात के तौर पर दमकल विभाग की एक अतिरिक्त गाड़ी को मौके पर तैयार रखा गया है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ ज्वलनशील पदार्थ अब भी एक्टिव हो सकते हैं। जिससे दोबारा आग दोबारा भड़कने की संभावना है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article