शहर

Unnao News: उन्नाव में होली पर बवाल, पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने बरसाए पत्थर; जानें पूरा मामला

उन्नाव के हड़हा कस्बे में नशे में धुत एक युवक के हंगामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। जहां पुलिस पर स्थानीय लोगों ने पथराव किया। जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया और पुलिस वाहन का शीशा भी टूट गया।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में होली के दिन अचलगंज क्षेत्र स्थित हड़हा कस्बे में तनाव के हालात देखने को मिले। जहां बुधवार शाम एक युवक ने नशे की हालत में हंगामा किया। जिसे समझाने पहुंची पुलिस पर स्थानीय लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। जिसमें एक पुलिसकर्मी जख्मी हो गया और पुलिस के वाहन का शीशा टूट गया। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

युवक ने पुलिस के साथ किया झगड़ा

बीघापुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी मधुप नाथ मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि बुधवार शाम अचलगंज थाने में सूचना मिली थी कि हड़हा कस्बे में अंकित नामक युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहा है। उन्होंने बताया कि अचलगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया लेकिन युवक ने पुलिसकर्मियों से ही झगड़ा शुरू कर दिया।

अतिरिक्त पुलिस बल इलाके में तैनात

मिश्रा ने बताया कि सूचना पा कर प्रभारी निरीक्षक अचलगंज भी मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया जा रहा था। तभी मौके पर मौजूद महिलाओं ने पुलिस पर ईंटों से हमला कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया और पुलिस वाहन का शीशा टूट गया, जिससे स्थिति बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी मधुपनाथ मिश्र अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।

आरोपी लोगों की पहचान में जुटी पुलिस

मिश्र ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था बनी हुई है। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। मिश्र ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article