शहर

थाईलैंड से लाए करोड़ों का ड्रग, IGI एयरपोर्ट पर 14 थैलियां देख उड़े होश; कैसे तस्करों ने लगाई सेंध

दिल्ली हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने थाईलैंड से आए दो भारतीय यात्रियों के पास से 23.9 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 24 करोड़ रुपये है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

दिल्ली : इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने थाईलैंड से आए दो भारतीय यात्रियों के पास से 23.9 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 24 करोड़ रुपये है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि यात्री 22 फरवरी को टर्मिनल 3 पर पहुंचे और उन्हें आव्रजन क्षेत्र के ’ग्रीन चैनल’ पर रोक लिया गया।

सीमा शुल्क विभाग ने बयान में कहा, "उनके सामान की एक्स-रे जांच की गई और उसके बाद विस्तृत जांच की गई। तलाशी के दौरान, अधिकारियों ने हरे रंग के संदिग्ध मादक पदार्थ से भरी पॉलीथीन की 14 थैलियां बरामद कीं - जिनमें से आठ एक ट्रॉली बैग में और छह दूसरे बैग में छिपाई गई थीं। अधिकारियों के अनुसार "बरामद पदार्थ का कुल वजन 23,936 ग्राम था। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह पदार्थ गांजा या मारिजुआना है।

विभाग के अनुसार, "जब्त किए गए नशीले पदार्थों का अनुमानित मूल्य लगभग 23.9 करोड़ रुपये है। बयान में कहा गया है कि दोनों यात्रियों को मादक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

24 फरवरी को बरामद हुआ था सोना-चांदी

इससे पहले 24 फरवरी को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर अमेरिकी पासपोर्ट धारक एक महिला यात्री के पास से 5.42 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा और कई महंगी वस्तुएं जब्त की गई हैं। सीमा शुल्क के अधिकारियों ने बताया कि एक्स-रे जांच और शारीरिक परीक्षण के बाद 1.2 किलोग्राम सोने और हीरे की वस्तुएं, 10 किलोग्राम चांदी के बर्तन, महंगी घड़ियां और विदेशी मुद्रा सहित विदेशी मूल की वस्तुएं मिली हैं। जानकारी के मुताबिक, जब्त की गई कुल वस्तुओं की कीमत 5.42 करोड़ रुपये के आसपास आंकी गई है। फिलहाल, यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!