शहर

Doda Road Accident: J&K के डोडा में दर्दनाक हादसा, टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरा; 5 की मौत, कई अन्य घायल

जम्मू-कश्मीर में डोडा जिले के पोंडा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक टेंपो ट्रैवलर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है और कई गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को GMC अस्पताल डोडा में भर्ती कराया गया है।

Image

जम्मू-कश्मीर के डोडा में खाई में गिरा टेंपो (फोटो - AI Image)

जम्मू, भाषा। जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को एक यात्री वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि वाहन में उसकी क्षमता से अधिक लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना डोडा शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर पोंडा के पास डोडा-भर्थ मार्ग पर हुई।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे 'टेंपो ट्रैवलर' के चालक ने डोडा-भर्थ मार्ग के एक मोड़ पर वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हो गया।

उन्होंने बताया कि मोहम्मद अशरफ (35), मंगता वानी (51), अत्ता मोहम्मद (33), तालिब हुसैन (35), रफीका बेगम (60) को डोडा स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मियों ने 17 लोगों को अस्पताल पहुंचाया और उनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय उज्मा जान को स्पेशल ट्रीटमेंट के लिए जम्मू स्थानांतरित किया गया है।

वाहन के खाई में गिरते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बाद में पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के कर्मचारी भी वहां आए। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने इस दुखद दुर्घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है।

उपराज्यपाल ने एक शोक संदेश में कहा है, 'डोडा में हुए दुखद सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु से गहरा दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर उन्होंने डोडा के उपायुक्त हरविंदर सिंह से बात की। जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्टेलफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'हर संभव मदद और चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। उपायुक्त व्यक्तिगत रूप से पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं और मुझे नियमित अपडेट दे रहे हैं। आवश्यकतानुसार आगे भी सहायता प्रदान की जाएगी।'

उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article