Dhanteras Utensils Shopping Market and Time 2023: पंचांग के अनुसार धनतेरस के दिन यानी 10 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 35 मिनट से लेकर अगले दिन यानी 11 नवंबर की सुबह तक खरीदारी करने का शुभ मुहूर्त है। प्रत्येक वर्ष कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस का पर्व देश में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया जाता है। पौराणिक मान्यता है कि इसी तिथि पर भगवान धन्वंतरि सोने के कलश के साथ प्रकट हुए थे। साथ ही त्रयोदशी के दिन ही आयुर्वेद के देवता धन्वंतरि जी की जयंती भी मनाई जाती है। इस साल 10 नवंबर को धनतेरस पड़ रहा है। लिहाजा, लोग बाजार से बर्तनों के साथ सोने, चांदी समेत कई अन्य उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी करेंगे। धनतेरस पर अपने रसोई के बर्तनों को फिर से घर लाना एक अच्छा विचार है। चूंकि, उन्हें सफलता का प्रतीक माना जाता है। पीतल, तांबा, चांदी या यहां तक कि मिट्टी से बने बर्तनों को घर लाया जा सकता है। मान्यता है कि धनतेरस के दिन खरीदी गई वस्तुएं कई वर्षों तक शुभ फल प्रदान करती हैं। ऐसे में चलिए जानते हैं कि इस साल धनतेरस पर देश के किन शहरों में फेमस बर्तन बाजार सजे हुए हैं।
मुरादाबाद का पीतल बाजार
त्योहारी सीजन में शहरों के प्रमुख बाजार सज गए हैं। बर्तन और ऑटोमोबाइल्स के साथ ही इलेक्ट्रानिक्स सामान की बिक्री खूब होने की प्रबल संभावना है। राजधानी दिल्ली और एशिया के सबसे बड़े थोक सदर बाजार में अच्छी बार्गेनिंग भी कर सकते हैं। आप सदर बाजार से धनतेरस पर बर्तनों की खरीदारी कर सकते हैं। यहां आपको कम दम में बर्तन मिल जाएंगे। वहीं, पीतल नगरी मुरादाबाद पूरी दुनिया में पीतल के उत्पाद के चलते खासा मशहूर है। यहां से देश-विदेश में एक्सपोर्ट किए जाते हैं। लिहाजा, कोतवाली सदर बर्तन बाजार से आप इस धनतेरस खाने के बर्तन से लेकर पूजापाठ से संबंधित सामान खरीद सकते हैं। यहां स्टील, एल्यूमीनियम के बर्तन के साथ पीतल के बर्तन, पूजा में इस्तेमाल होने वाली घंटी, सभी भगवान की तरह तरह की मूर्तियां, घर को सजाने के लिए सजावटी सामान सहित बड़ी बड़ी मूर्तियां आपको किफायती दाम पर मिल जाएंगी।
राजस्थान बर्तन बाजार में भारी छूट
नोएडा के सेक्टर 5 में स्थित हरौला गांव के मुख्य मार्ग पर राजस्थान बर्तन भंडार पिछले कई सालों से बर्तन का व्यापार करता है। इस बार दीपावली और धनतेरस के मौके पर राजस्थान बर्तन भंडार की ओर से ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर दिया गया है। अगर, कोई भी ग्राहक दीपावली या धनतेरस के मौके पर यहां पर बर्तन खरीदने आता है तो उसे 50 फीसदी का डिस्काउंट दिया जाएगा।
कानपुर का हटिया बर्तन बाजार
यूपी की राजधानी अहियागंज बर्तन बाजार धनतेरस की चमक बिखारने के लिए तैयार है। इस प्रसिद्ध बाजार में आपको स्टील, पीतल, कांच, क्राकरी, कुकवेयर और रसोई घर में उपयोग होने वाले नवीनतम मॉडल के गैस चूल्हे आदि किफायती दामों पर मिलेंगे। इस बाजार की खासियत यह है कि यहां आप किलो के भाव पर बर्तन खरीद सकते हैं। वहीं, कानपुर के हटिया बर्तन बाजार की रंगत बदलने लगी है। खासकर, धनतेरस के लिए बाजार भीड़ देखने को मिल रही है। यहां दुकानों में आकर्षक डिजाइन और बेहतरीन कलेक्शन के साथ बर्तन भी खनकने लगे हैं। इस बार धनतेरस के बाजार में तांबे का मटका और मटके वाली प्याली लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। 200 से ढाई हजार तक के यहां आइटम बाजार में उपलब्ध हैं। व्यापारियों का कहना है कि अभी से लोगों का रुझान अच्छा मिल रहा है। धनतेरस तक अच्छी कमाई के आसार हैं। सुबह 11 से रात 11 बजे तक बाजार में रौनक बनी हुई है।
परंपरागत बर्तनों की खरीदी
इंदौर के बर्तन बाजार में धनतेरस के मद्देनजर ग्राहकों की भीड़ बनी हुई है। इंदौर के अलावा मालवा-निमाड़ के सभी शहर और गांवों के लोग यहां खरीददारी के लिए पहुंच रहे हैं। यहां घर के लिए स्टील की थाली, गिलास, लोटा, चम्मच, भगौना, टंकी, स्टील और कुकर जैसे परंपरागत बर्तनों की खरीदी बंपर तरीके से हो रही है। यहां सुबह से लेकर देर रात खरीदारी के लिए बाजार उपलब्ध रहेंगे।
पीवीडी कोटिंग वैरायटी
वहीं, भोपाल शहर में धनतेरस पर पीवीडी कोटिंग वैरायटी के बर्तन लोगों को लुभा रहे हैं। इस वैरायटी के बर्तन थोड़े महंगे हैं, लेकिन अलग होने के कारण इसकी मांग बनी हुई है। थर्मोवेयर एवं कापर बेस बर्तनों का नया स्टाक भी व्यापारियों ने धनतेरस को देखते हुए किया है। व्यापारियों के मुताबिक मिक्सर, नान स्टिक वैरायटी एवं केसरोल भी त्योहारी सीजन में बिकते हैं।पटना में 1550 करोड़ के बिजनेस की उम्मीद
बिहार की राजधानी पटना का बाजार अपनी चमक बिखेर रहा है। यहां इस बार पीतल 600 से 800 रुपये, स्टील 200 से 500 रुपये और शुद्ध फूल धातु के बर्तन 1500 रुपये प्रति किलोग्रा के आसपास बिक रहे हैं। यहां तांबा में ज्यादातर ग्राहक लोटा, गिलास और जग की मांग करते हैं, ये तौल से नहीं बल्कि, पीस के हिसाब से तय दाम पर बेचे जा रहे हैं। यहां करीब 1550 करोड़ रुपये के बिजनेस की उम्मीद है।ठनठेरा बाजार से खरीदें डिजाइनर बर्तन
वहीं, राजस्थान के बीकानेर के ठनठेरा बर्तन बाजार में धनतेरस को लेकर खास तैयारियां हैं। पीतल के बर्तन बीकानेर के सिर्फ इसी मार्केट में बनते हैं और यहां से ही दूसरी जगह सप्लाई होते हैं। दुकानदार मुर्तजा अली कहते हैं कि ठनठेरा बाजार करीब 70 साल से अधिक पुराना बाजार है। यहां सभी तरह के बर्तन होलसेल रेट में मिल जाते हैं। बीकानेर में पीतल का चरु, पीतल की गुनिया, पीतल की डेगची, तांबे का चरू यहीं इसी बाजार में बनते हैं और इन्हीं की सप्लाई दूसरे शहरों में की जाती है। वहीं, जयपुर में इस बार धनतेरस में कपड़ा और बर्तन के बाजार से 720 करोड़ रुपये के बिजनेस के आसार हैं।
