शहर

'डिम्पी, मुझसे गलती हो गई...', कॉलेज की दीवार पर प्रेमी ने चस्पा किए पोस्टर, गार्ड को कहा- हटाना मत

Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले से एक ऐसा मामला सामने आया, जो कौतूहल का विषय बन गया। दरअसल, धनबाद की महिला कॉलेज की दीवारों पर एक प्रेमी ने माफीनामे का पोस्टर चस्पा कर दिया।

Image

प्रेमी ने कॉलेज की दीवार पर चस्पा किए पोस्टर (फोटो साभार: AI)

Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जहां एक प्रेमी ने एक महिला से माफी मांगने के लिए न सिर्फ पोस्टर छपवाएं, बल्कि उसे कॉलेज की दीवारों पर चस्पा भी किया।

मामला धनबाद जिले के एक महिला कॉलेज का है, जहां के मेन गेट के बाहर निराश प्रेमी ने 'डिम्पी' नामक एक महिला को संबोधित करते हुए एक लंबा-चौड़ा संदेश वाला पोस्टर चस्पा किया। निराश प्रेमी की इस हरकत को देखकर कॉलेज गार्ड ने पोस्टर हटाने की कोशिश की, लेकिन वह गार्ड से ही भिड़ गया और उसे धमकाने लगा।

प्रेमी ने कुछ यूं मांगी माफी

निराश प्रेमी ने पोस्टर के माध्यम से डिम्पी नामक महिला से माफी मांगने की कोशिश की। पोस्टर में लिखा- ''डिम्पी, मुझसे गलती हो गई। प्लीज मुझे माफ कर दो। मैं आगे से ध्यान रखूंगा कि ऐसा फिर न हो। तुम मेरे लिए बहुत जरूरी हो...।''

कॉलेज गेट पर हंगामा

जब कॉलेज के गार्ड ने पोस्टर को हटाने की कोशिश की तो वहां मौजूद प्रेमी हंगामा करने लगा। इस दौरान, प्रेमी ने गार्ड को न सिर्फ धमकाया, बल्कि उसे चेतावनी भी दी कि वह पोस्टरों को न हटाएं। हालांकि, जब वहां अध्यापिका पहुंचीं तो आरोपी मौके पर भाग निकला। इसके बाद सभी विवादित पोस्टरों को फाड़कर हटा दिया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने महिला कॉलेज के मेन गेट और आस-पास की दीवारों पर माफी वाला पोस्टर चस्पा किए थे।

इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए अध्यापिका ने कहा कि ऐसे कृत्य परेशान करने वाली मानसिकता को दर्शाते हैं। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि शरारती तत्वों के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बता दें कि कॉलेज प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धनबाद के डिप्टी कमिश्नर और पुलिस से शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article