राजधानी दिल्ली में सर्दी ने इस बार सारे पुराने पैमाने तोड़ दिए हैं। शनिवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 4.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो बीते 15 वर्षों में 10 जनवरी की सबसे ठंडी सुबह रही। मौसम विभाग के मुताबिक, 2011 के बाद इस तारीख को इतना कम तापमान कभी दर्ज नहीं किया गया था। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को पारा 4.6 डिग्री रहा था, जबकि 9 जनवरी 2025 को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
कोहरे और धुंध में लिपटी सुबह
शनिवार की शुरुआत घने कोहरे और धुंध के साथ हुई, जिससे कई इलाकों में दृश्यता काफी घट गई। सुबह के समय लोगों को दफ्तर और स्कूल पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि दोपहर में धूप निकलने से कुछ राहत मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 1.2 डिग्री कम रहते हुए 20.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान औसत से 2.7 डिग्री नीचे रहा। आर्द्रता का स्तर भी ऊंचा रहा,अधिकतम 100 प्रतिशत और न्यूनतम 44 प्रतिशत।
पालम सबसे ठंडा इलाका
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में भी अंतर देखने को मिला। रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री, आया नगर में 4.5, लोधी रोड पर 4.7 और पालम में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में सुबह 7:30 बजे दृश्यता केवल 100 मीटर रह गई थी, जो 8 बजे घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई। इसके बाद धीरे-धीरे सुधार हुआ और 8:30 बजे से विजिबिलिटी 100 मीटर तक बढ़ने लगी। पश्चिमी दिशा से 5-7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी। वहीं सफदरजंग वेधशाला पर सुबह दृश्यता 200 मीटर से बढ़कर 9 बजे तक 400 मीटर तक पहुंच गई।
रविवार के लिए यलो अलर्ट, शीतलहर जैसी स्थिति
मौसम विभाग ने रविवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि राजधानी के कुछ हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहेगी। सुबह के समय कई इलाकों में मध्यम कोहरा छाने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर घना कोहरा भी रह सकता है। दोपहर के वक्त 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने की उम्मीद है। रविवार को न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया गया है।
आगे भी राहत के आसार नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, 12 से 16 जनवरी के बीच सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा जारी रह सकता है। 12 और 13 जनवरी को दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है, जब न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच रह सकता है। 13 से 15 जनवरी के दौरान 10–15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने के आसार हैं, जिससे ठंड का असर और तीखा महसूस होगा।
16 जनवरी तक का अनुमान
14 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसके बाद 15 और 16 जनवरी को तापमान में मामूली बढ़ोतरी संभव है और यह 6 से 8 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा सकता है। 13 जनवरी से आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। 16 जनवरी तक हवा की गति कुछ कम होकर 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है, लेकिन ठंड का असर बना रह सकता है।
