Delhi Weather Today 30 October: उत्तरी पाकिस्तान से लेकर उत्तर भारत तक सक्रिय शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। गुरुवार से शुरू हुआ बारिश, बादलों की गर्जना और तेज ठंडी हवाओं का दौर शुक्रवार को भी जारी है। दिन भर आसमान में घने काले बादल छाए रहने के बाद शुरू हुई बारिश से राजधानी और आसपास के इलाकों में तापमान में अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का एहसास काफी बढ़ गया है। मौसम विभाग (IMD) ने अपने डेली बुलेटिन में पूरी दिल्ली-NCR में बादलों की आवाजाही और बारिश को देखते हुए येलो अलर्ट जारी रखा है, जो अपडेट के बाद बढ़ भी सकता है।
दिल्ली में आज बारिश को लेकर अलर्ट
सुबह रेड अलर्ट के बीच बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज 30 अक्टूबर को राजधानी में पूरे दिन आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा। सुबह से दोपहर के दौरान कई स्थानों पर एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुछ अलग-थलग स्थानों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। दिन भर 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलेंगी, जिनकी झोंकेदार गति 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आईएमडी ने सुबह 6 बजे तक के लिए बारिश को लेकर रेड अलर्ट भी जारी किया था।
दिल्ली में सुबह 6 बजे तक के लिए रेड अलर्ट
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार, इस बेमौसम बारिश और सर्द हवाओं के पीछे दो मुख्य भौगोलिक कारण हैं। पहला है, उत्तरी पाकिस्तान से लेकर उत्तर भारत के पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों तक फैला पश्चिमी विक्षोभ और दूसरा है, दक्षिणी पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक साथ सक्रिय चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र। इन दोनों सिस्टम के गठजोड़ के कारण गुरुवार सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई। शाम को करीब एक घंटे से अधिक समय तक हुई तेज बारिश से सड़कों पर जलभराव और यातायात में धीमी रफ्तार देखने को मिली। वहीं, करवा चौथ की शाम बादल छाए रहने के कारण कई इलाकों में चांद के दर्शन में भी काफी विलंब हुआ।
आज 17 से 27 डिग्री के बीच रहेगा पारा
बारिश और 30 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने दिल्ली की गर्मी को पूरी तरह खत्म कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है। तापमान में आई इस कमी से राजधानी में समय से पहले ही ठंड की आहट महसूस होने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इस बारिश के थमने के बाद मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय ठिठुरन और बढ़ जाएगी।
