उत्तम नगर में होली के दौरान दो परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय तरुण खटिक की हत्या के सिलसिले में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बड़ी मांग कर दी है। विहिप ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ योगी आदित्यनाथ के 'मॉडल' के तहत कार्रवाई की मांग की। बता दें कि इस मामले में आज सात और लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
लागू किया जाए योगी मॉडल
विहिप के संयुक्त महासचिव सुरेन्द्र जैन ने कहा कि इस मामले में अधिकारियों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई अधूरी है। तरुण की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद सरकार की कार्रवाई का हम स्वागत करते हैं। हालांकि, यह कार्रवाई अब भी अधूरी है। मुख्य षड्यंत्रकारी अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि योगी मॉडल’ के तहत की गई कार्रवाई की अक्सर चर्चा होती है, लेकिन इस मॉडल को केवल आंशिक रूप से लागू किया गया है। इसे पूरी तरह से लागू किया जाना चाहिए।
एक आरोपी के घर का कुछ हिस्सा गिराया गया
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की एक टीम ने उत्तम नगर में एक आरोपी के घर के "अवैध" हिस्सों को रविवार को ध्वस्त कर दिया,जबकि पीड़ित के परिवार ने सीबीआई जांच और इस हत्याकांड में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सायरा ही थी वो महिला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सायरा उर्फ काली वही महिला थी जिससे विवाद हुआ था। यह झगड़ा तब शुरू हुआ जब पीड़ित परिवार की एक छोटी बच्ची ने पानी का गुब्बारा फेंका, जो पास से गुजर रही काली पर फट गया और उस पर पानी के छींटे पड़ गए।
26 वर्षीय तरुण की कर दी हत्या
इसके बाद दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई जो चार मार्च को घनी आबादी वाले जेजे कॉलोनी क्षेत्र में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। पुलिस ने बताया कि झड़प के दौरान कई लोगों ने 26 वर्षीय तरुण पर हमला किया तथा घायल तरुण की अस्पताल में पांच मार्च को मौत हो गई।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है जिसके मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई। द्वारका के उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम झड़प में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं तथा मामले की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
