शहर

होली पर दिल्ली में ट्रैफिक का कड़ा पहरा; शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की खैर नहीं, 134 चौराहों पर तैनात रहेंगे जवान

होली 2026 के मौके पर दिल्ली में यातायात को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर के 134 प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। खासतौर पर शराब पीकर वाहन चलाने और खतरनाक ड्राइविंग जैसे मामलों में लाइसेंस जब्त कर निलंबन तक की कार्रवाई की जा सकती है।

Image

होली पर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 134 मुख्य चौराहों पर सुरक्षा कड़ी की

Photo : iStock

Delhi Traffic Police Holi Advisory: दिल्ली में होली 2026 (Holi 2026) के अवसर पर यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, शहर के लगभग 134 प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी और शराब पीकर वाहन चलाने जैसे गंभीर उल्लंघनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर कम से कम तीन महीने के लिए निलंबित किया जा सकता है।

इन जगहों पर विशेष जांच दल तैनात

जारी यातायात सलाह में बताया गया है कि प्रमुख जंक्शनों और संवेदनशील मार्गों पर विशेष जांच दल तैनात रहेंगे। ये टीमें शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज रफ्तार, लापरवाही और जिग-जैग ड्राइविंग, लाल बत्ती पार करना, तीन सवारी बैठाना, बिना हेलमेट चलाना तथा दोपहिया वाहनों पर स्टंट करने जैसी गतिविधियों पर नजर रखेंगी।

सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति ने क्या बताया

सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाने, रेड लाइट जंप करने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल, खतरनाक ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग के मामलों में चालक का लाइसेंस जब्त कर कम से कम तीन माह के लिए निलंबन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बताया जा रहा है कि, अगर किसी वाहन को नाबालिग या अनधिकृत व्यक्ति चलाते हुए पाया गया, तो वाहन के पंजीकृत मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

इनके लिए बनाई गई विस्तृत योजना

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) दिनेश गुप्ता ने बताया कि पैदल यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे और मुख्य ध्यान शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाओं को रोकने पर रहेगा। बिना हेलमेट, गलत दिशा में वाहन चलाने या खतरनाक ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

सोशल मीडिया पर भी होगी कड़ी नजर

सलाह में यह भी कहा गया है कि पीसीआर वैन और स्थानीय पुलिस टीमें ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर नियमों के पालन को सुनिश्चित करेंगी। साथ ही सोशल मीडिया पर सामने आने वाले उल्लंघनों पर भी नजर रखी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और होली को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाने में सहयोग दें।

(इनपुट - पीटीआई)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article