Delhi Traffic Advisory: अगर आप आज यानी 16 जुलाई को दक्षिणी दिल्ली के रास्तों से गुजरने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। गुरुवार को हौज खास इलाके में 48वीं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली जा रही है। इसके चलते दिल्ली पुलिस ने आज ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जिसके चलते दोपहर 2:00 बजे से लेकर शाम 7:00 बजे कई रास्तों पर डायवर्जन लागू रहेगा।
सांकेतिक फोटो
इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक का असर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, यह रथ यात्रा हौज खास विलेज के श्री जगन्नाथ मंदिर से शुरू होगी और अरबिंदो मार्ग से होकर गुजरेगी। इसके चलते नीचे दिए गए रास्तों और उनके आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।
- अरबिंदो मार्ग (आईआईटी फ्लाईओवर से एम्स फ्लाईओवर लूप तक)
- बलबीर सक्सेना मार्ग
- चौधरी दिलीप सिंह मार्ग
- चौधरी हुकुम चंद मार्ग
- गौतम नगर रोड
इन रास्तों पर डायवर्जन की व्यवस्था
महरौली और एम्स की ओर जाने वाले वाहन IIT फ्लाईओवर से आउटर रिंग रोड होते हुए अगस्त क्रांति मार्ग या जेबी टिटो मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। नई दिल्ली से एमजी रोड, महरौली और गुरुग्राम जाने वाले वाहन AIIMS लूप से रिंग रोड और अफ्रीका एवेन्यू रोड से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
ट्रैफिक से बचने के लिए सार्वजनिक वाहनो का करें इस्तेमाल
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आज वे प्रभावित रास्तों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। रथ यात्रा मार्ग के आसपास वाहन पार्किंग बिल्कुल न करें। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे परेशानी से बचने और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) का उपयोग करें। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, अस्पताल या अन्य जरूरी स्थानों पर जाने वाले यात्रियों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।
लोगों से सहयोग की अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, पुलिसकर्मियों के निर्देशों का अनुसरण करने और यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट देखने की अपील की है। किसी भी सहायता या ताजा जानकारी के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या हेल्पलाइन 1095 और 011-25844444 पर संपर्क कर सकते हैं।
