शहर

Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में 3 दिन बदला रहेगा ट्रैफिक रूट, 8 मार्च तक इन रास्तों से बचकर चलें

दिल्ली के छतरपुर स्थित भट्टी माइंस में 6 से 8 मार्च तक होने वाले राधा स्वामी सत्संग ब्यास समागम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इस कार्यक्रम में 3-4 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। जिस कारण भारी भीड़ की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन और भारी वाहनों पर प्रतिबंध लागू किया गया है।

Image

दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Delhi Traffic Advisory: दिल्ली के छतरपुर में स्थित भट्टी माइंस इलाके में 6 से 8 मार्च तक राधा स्वामी सत्संग ब्यास समागम आयोजित होने वाला है। इस धार्मिक कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। जिसके कारण तीन दिन तक दिल्ली के कुछ इलाकों में यातायात प्रभावित रह सकता है। जिसे देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

पुलिस के अनुसार, इस समागम में कुल 3-4 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इनमें से लगभग 80 हजार लोगों के सत्संग परिसर में रात भर ठहरने की संभावना है, जबकि अन्य श्रद्धालु दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों से आएंगे और शाम करीब 6 बजे तक वापस लौट जाएंगे। बताया गया है कि इस धार्मिक समागम में श्रद्धालुओं का आगमन 6 मार्च की सुबह लगभग 5 बजे से शुरू हो जाएगा।

ट्रैफिक से बचने के लिए 5 बजे से पहले पहुंचे

ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार सत्संग में आने वाले लोगों और वाहनों को भट्टी माइंस रोड से प्रवेश करने की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि भीड़ से बचने के लिए वे सुबह 5 बजे से पहले ही स्थल पर पहुंच जाए। वहीं फरीदाबाद और गुरुग्राम से आने वाले भक्तों को डेरा बॉर्डर से होते हुए वेन्यू तक आने की सलाह दी गई है।

सत्संग परिसर में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था

आयोजकों ने सत्संग परिसर के अंदर सभी तरह के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था की गई है। हालांकि SSN मार्ग पर किसी भी वाहन को पार्क करने की इजाजत नहीं होगी। इसके अलावा 6 से 8 मार्च के बीच सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक भट्टी माइंस रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने कुछ रास्तों पर डायवर्जन भी लागू किया है। इस दौरान आपातकालीन वाहनों जैसे पुलिस, एंबुलेंस और दमकल को प्रतिबंधित क्षेत्रों में भी बिना रोक-टोक के आने-जाने की अनुमति रहेगी।

शादी सीजन के कारण जाम की आशंका

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि सत्संग स्थल के आसपास कई फार्महाउस, बैंक्वेट हॉल और शादी समारोह स्थल मौजूद हैं। ऐसे में शादी सीजन के चलते यहां वाहनों की आवाजाही में और बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिसके कारण जाम लगने की भी संभावना है। जिसे देखते हुए इलाके में व्यापक ट्रैफिक व्यवस्था की गई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे ट्रैफिक से बचने के लिए प्रभावित मार्गों से न जाएं और पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाकर चलें।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article