शहर

BRICS Summit से पहले दुल्हन की तरह सजेगी दिल्ली, सड़क से चौराहे तक होगा मेकओवर; MCD ने शुरू किया मेगा सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान

Delhi News: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली को साफ-सुथरा और बेहतर रूप देने के लिए एमसीडी ने बड़े पैमाने पर सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान शुरू किया है। सम्मेलन स्थलों और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के संभावित मार्गों पर विशेष निगरानी के साथ आवारा पशुओं, अतिक्रमण और गंदगी पर कार्रवाई की जाएगी।

Image

BRICS Summit से पहले बदलेगी दिल्ली की तस्वीर (AI फोटो)

Delhi News: ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन से पहले स्वच्छता और आवारा पशुओं पर नियंत्रण को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने पूरी दिल्ली में बड़े स्तर पर सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान शुरू किया है। अधिकारियों को शिखर सम्मेलन के प्रमुख आयोजन स्थलों और उन सड़कों को खासतौर से चमकाने के निर्देश दिए गए हैं, जिनसे होकर विदेशी प्रतिनिधिमंडल गुजरेंगे। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला 27 अगस्त को हुई समीक्षा बैठक में लिया गया। बैठक में एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार ने वरिष्ठ अधिकारियों और सभी जोन के उपायुक्तों को तैयारियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आयुक्त ने अधिकारियों से कहा है कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। अपने-अपने क्षेत्रों में किसी भी तरह की लापरवाही, गंदगी या अधूरे काम के लिए संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

12 और 13 सितंबर को आयोजित होगा ब्रिक्स सम्मेलन

एमसीडी ने सम्मेलन के आयोजन स्थलों और प्रतिनिधिमंडलों के आने-जाने वाले मार्गों से आवारा मवेशियों, कुत्तों और बंदरों को दूर रखने के लिए 24 घंटे काम करने वाले विशेष पशु नियंत्रण दस्ते भी गठित किए हैं। नगर निगम के दलों को 1 से 13 सितंबर के बीच प्रमुख आयोजन स्थलों और महत्वपूर्ण मार्गों पर गहन सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। ब्रिक्स सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को आयोजित होना है। अभियान के तहत दिल्ली के कई प्रमुख स्थानों को खास अंदाज से सजाने-संवारने पर जोर दिया जा रहा है। इनमें राजघाट, भारत मंडपम, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, कमल मंदिर और सुंदर नर्सरी जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं। इसके अलावा साउथ एक्सटेंशन जैसे खरीदारी के बड़े केंद्र भी निगम की प्राथमिकता में हैं।

एमसीडी का ध्यान किन चीजों पर रहेगा?

इस कायाकल्प के तहत एमसीडी का ध्यान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, निर्माण कार्यों से निकले मलबे को हटाने और आयोजन स्थलों के आसपास मौजूद सार्वजनिक शौचालयों को साफ एवं इस्तेमाल के योग्य बनाने पर रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, नगर निगम कर्मचारियों को खाली-बदहाल हिस्सों को हरित क्षेत्रों में बदलने, सजावटी फूलों के गमले लगाने, खराब स्ट्रीट लाइट्स की मरम्मत करने और प्रमुख स्थलों के आसपास सजावटी रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा, "8 से 10 सितंबर तक राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय में आयोजित होने वाले ब्रिक्स बाजार कार्यक्रम पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।"

अवैध पार्किंग पर भी होगी कार्रवाई

एमसीडी की प्रवर्तन टीम 24 घंटे काम करेंगी। प्रमुख सड़कों से अवैध रेहड़ी-पटरी और अनधिकृत होर्डिंग हटाने के साथ-साथ अवैध पार्किंग पर भी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को इलाकों में लगातार गश्त करने के लिए कहा गया है, ताकि अतिक्रमण दोबारा न हो सके। सरकारी स्वास्थ्य अधिकारियों को भी सम्मेलन के दौरान मच्छरों से होने वाली बीमारियों का खतरा कम करने के लिए फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। एमसीडी आयुक्त ने अधिकारियों को पूरे अभियान की काम से पहले और काम पूरा होने के बाद की तस्वीरें लेने और उनका रिकॉर्ड रखने का भी निर्देश दिया है। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि काम में देरी या किसी भी तरह की लापरवाही पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article