शहर

Amar Colony Firing: घायल साई कुमार की मौत, 6 दिन से एम्स में चल रहा था इलाज; पिता ने PM मोदी और अमित शाह से की ये मांग

दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में हुई फायरिंग में घायल साई कुमार की मौत हो गई है। ये घटना 26 मई की है, तब से उसका दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा था।

Image

दिल्ली के अमर कॉलोनी में फायरिंग (फोटो-Istock)

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में 26 मई को हुई फायरिंग की घटना में घायल 17 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई है। फायरिंग के बाद घायल साई कुमार को इलाज के लिए दिल्ली एम्स लाया गया था। जहां आज इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, 26 मई को साई अपनी एक महिला मित्र के साथ एक रेस्टोरेंट गया था। आरोप है कि वहां कुछ युवकों ने उसकी मित्र के साथ छेड़छाड़ की। सई ने इसका विरोध किया, जिसके बाद कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान बदमाशों ने सई के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल साई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

मृतक के पिता ने की ये मांग

किशोर की मौत के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश है। मृतक के पिता ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा देने की मांग की है। मृतक के पिता सुनील कुमार ने बेटे के मरने पर प्रशासन को घेरा है। उन्होंने कहा कि मेरा एक बेटा था। उसे बेवजह गोली मार दी गई। मैं प्रशासन को बताना चाहता हूं कि जो मेरे बेटे के साथ हुआ,वो आपके बेटे के साथ भी हो सकता है। प्रशासन हमारी कोई मदद नहीं कर रहा है। उन्हें नाबालिग होने या अमीर होने की वजह से मदद मिल रही है।

एक नाबालिग हिरासत में और दो आरोपी गिरफ्तार

वहीं, इस मामले में पुलिस भी तेजी से कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने मामले में अब तक एक नाबालिग को हिरासत में लिया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ताजा गिरफ्तारी जय कुमार की हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article