Delhi Wall Collapse: राजधानी दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां लोदी होटल के नजदीक देर रात नाले की खुदाई के काम के दौरान अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गई। इस हादसे में वहां काम कर रहे तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों को बाहर निकाला गया, जिनमें से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देर रात 1:45 बजे मची चीख-पुकार
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा देर रात उस वक्त हुआ जब लोदी होटल के पास नाले की खुदाई का काम चल रहा था। तभी अचानक पास की एक दीवार सीधे काम कर रहे मजदूरों पर आ गिरी। पुलिस को रात करीब 1:45 बजे दीवार गिरने की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस का स्टाफ और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया।
JCB मशीनों से हटाया गया मलबा, भारी मशक्कत के बाद हुआ रेस्क्यू
घटनास्थल पर मलबे में दबे दो मजदूरों को तो टीम ने जल्द ही बाहर निकालकर अस्पताल भेज दिया था। लेकिन तीसरे शख्स को निकालने में रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मलबे को तेजी से हटाने के लिए रात में ही जेसीबी (JCB) मशीनों को काम पर लगाया गया। काफी कोशिशों के बाद जब तीसरे मजदूर को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि देर रात चल रहे इस निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, और इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है। बता दें कि दिल्ली के मालवीय नगर में लगी आग के बाद ये हादसा राजधानी में सुरक्षा नियमों को सख्त करने की ओर ध्यान दिलाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
